- स्वच्छता कर्मियों को पुष्प माला पहनाकर किया सम्मानित
बैतूल। मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने बुधवार को जनजातीय मंगल भवन में आयोजित सामाजिक जनसंवाद कार्यक्रम में सामाजिक प्रतिनिधियों एवं नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को सुना। सर्वप्रथम कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सामाजिक लोगों ने अपनी समस्याएं एवं विचार आयोग के अध्यक्ष डॉ जाटव के समक्ष रखे। आयोग अध्यक्ष डॉ. जाटव ने सभी की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा सामाजिक समस्याओं के निराकरण और अनुसूचित जाति वर्गों के हितों से जुड़े विषयों पर संवाद किया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता कर्मियों को पुष्प माला पहनाकर सम्मानित भी किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयोग अध्यक्ष डॉ. जाटव ने सामाजिक संगठनों से समाज को एकजुट करने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और आपसी समन्वय के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की मजबूती के लिए प्रत्येक व्यक्ति का शिक्षित, संगठित और जागरूक होना आवश्यक है। इस दौरान सामाजिक जनप्रतिनिधियों एवं संगठनों द्वारा सामुदायिक मंगल भवन निर्माण की मांग रखी गई। इस पर आयोग अध्यक्ष डॉ. जाटव ने आश्वस्त किया कि वे इस संबंध में शासन को पत्र लिखकर अनुसूचित जाति वर्ग के लिए सामुदायिक मंगल भवन की आवश्यकता से अवगत कराएंगे। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।