- छात्रावासों में बेहतर सुविधाएं, स्वच्छता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर दें विशेष ध्यान
- अत्याचार निवारण अधिनियम के राहत प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करें
- स्वरोजगार योजना में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश
बैतूल। मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभिन्न विभागों द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण एवं उत्थान के लिए संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध प्राप्त प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे। उन्होंने स्वरोजगार, शिक्षा, आवास, कृषि, पशुपालन, छात्रवृत्ति तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के पूरी संवेदनशीलता से क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक श्री अमित सक्सेना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपुसे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गणेश जायसवाल, अपर कलेक्टर श्री गोपाल सिंह वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
स्वरोजगार योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करें
अध्यक्ष डॉ. जाटव ने अंत्यावसायी विभाग के अंतर्गत संचालित संत रविदास स्वरोजगार योजना एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र को पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को जोड़कर उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पात्र व्यक्ति को आवास एवं मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिले
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने अनुसूचित जाति वर्ग के हितग्राहियों के लिए वीबी-जी रामजी योजना, स्वच्छ भारत मिशन एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र अनुसूचित जाति परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित नहीं रहें। अनुसूचित जाति बाहुल्य क्षेत्रों में स्वच्छता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। इन क्षेत्रों में सड़क, बिजली, शुद्ध पेयजल, आवास एवं स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाएं बेहतर रहें। नगरीय प्रशासन विभाग को भी प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित आवेदनों का परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
छात्रवृत्ति, आवास सहायता एवं प्रोत्साहन योजनाओं का वास्तविक पात्र हितग्राहियों को मिले लाभ
जनजातीय कार्य विभाग की समीक्षा करते हुए अध्यक्ष ने पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, आवास सहायता योजना, सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना एवं अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ वास्तविक एवं पात्र हितग्राहियों को ही मिले तथा इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। पशुपालन विभाग के अंतर्गत डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना एवं आचार्य विद्यासागर योजना में प्राप्त लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। कृषि एवं मत्स्य विभाग से भी लाभान्वित हितग्राहियों की जानकारी प्राप्त की।
छात्रावासों में सुविधाओं के साथ सकारात्मक वातावरण विकसित करें
डॉ. जाटव ने अनुसूचित जाति के छात्रावासों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन, नाश्ता, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय एवं बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। छात्रावासों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने प्रत्येक छात्रावास में विद्यार्थियों के अभिभावकों से मुलाकात के लिए गेस्ट रूम विकसित करने तथा छात्रावासों के कक्षों में महापुरुषों की जीवनियों एवं प्रेरक प्रसंगों को प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। छात्रावासों के कक्षों का नामकरण भी महापुरुषों के नाम पर करने को कहा। पानी की टंकियों एवं शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा छात्रावासों में आयोग एवं जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के संपर्क नंबर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
अत्याचार निवारण अधिनियम के प्रकरणों में संवेदनशीलता से करें कार्रवाई
अध्यक्ष डॉ जाटव ने अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत दर्ज प्रकरणों की पुलिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों से विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रकरणों का पूरी गंभीरता और प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए। अनुसूचित जाति वर्ग के पीड़ितों को नियमानुसार राहत राशि का भुगतान समय पर सुनिश्चित हो। दस्तावेजों की कमी के कारण कोई भी राहत प्रकरण लंबित नहीं रहे। इसके लिए पुलिस एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय से आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति कर प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें। पीड़ितों को आने-जाने के व्यय एवं पारिश्रमिक का भुगतान भी नियमानुसार किया जाए।
नल-जल योजना की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि नल-जल योजना के माध्यम से प्रत्येक पात्र परिवार के घर तक नल से शुद्ध पेयजल पहुंचे। इसके लिए योजनाओं के क्रियान्वयन एवं नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए।
नशामुक्ति और सफाई मित्रों की सुविधाओं पर निर्देश
डॉ. जाटव ने जिले में नशामुक्ति गतिविधियों की समीक्षा करते हुए नशामुक्ति केंद्र प्रस्तावित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सफाई मित्रों को स्वच्छता कार्यों के लिए व्यवस्थित किट उपलब्ध कराने तथा आउटसोर्स कर्मचारियों को निर्धारित राशि का भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। ग्राम पंचायतों में गौ समाधि स्थल विकसित करने के लिए भी आग्रह किया। अध्यक्ष डॉ. जाटव ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और योजनाओं के क्रियान्वयन में जवाबदेही सुनिश्चित करें।