• दिव्य धर्म यज्ञ दिवस पर 3275 श्रद्धालुओं ने देहदान का संकल्प लेकर भरे फॉर्म, 2140 लोगों ने ली नाम दीक्षा
  • 26 नवंबर तक चलेगा तीन दिवसीय समागम, श्रद्धालुओं के लिए 24 घंटे निःशुल्क भंडारे की व्यवस्था

बैतूल। इटारसी रोड स्थित सतलोक आश्रम उड़दन में संत रामपाल जी महाराज के सानिध्य में आयोजित 513वें दिव्य धर्म यज्ञ भंडारे के दूसरे दिन मंगलवार को आध्यात्मिक सत्संग के साथ समाज सुधार और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान 31 जोड़ों के दहेज मुक्त विवाह संपन्न हुए, जबकि विशाल रक्तदान शिविर में श्रद्धालुओं ने 268
जे यूनिट रक्तदान किया। वहीं, 3275 श्रद्धालुओं ने मृत्यु के बाद अपनी देह मेडिकल कॉलेज को दान करने के लिए संकल्प पत्र भरे।
आयोजन के दौरान संत गरीबदास जी महाराज की अमरवाणी का अखंड पाठ जारी रहा। दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के संदेश के साथ 31 जोड़ों के विवाह रमैणी (गुरुवाणी) पद्धति से संपन्न कराए गए। इन विवाहों में किसी प्रकार का लेन-देन, फिजूलखर्ची या बाहरी आडंबर नहीं किया गया। संत गरीबदास जी महाराज की अमरवाणी के माध्यम से मात्र 17 मिनट में विवाह संपन्न हुए।
मानव सेवा के उद्देश्य से आयोजित रक्तदान शिविर में हमीदिया अस्पताल भोपाल की टीम को अनुयायियों ने स्वेच्छा से 268 यूनिट रक्तदान किया। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क नेत्र जांच और दंत चिकित्सा शिविर भी लगाए गए। संत रामपाल जी महाराज के तत्वज्ञान से प्रेरित होकर 3275 श्रद्धालुओं ने मृत्यु के बाद अपना शरीर मेडिकल कॉलेज को दान करने के लिए फॉर्म भरे, ताकि भविष्य में चिकित्सा शिक्षा और जरूरतमंदों के उपचार में उनका शरीर उपयोगी हो सके।
आयोजन की पृष्ठभूमि में बताया गया कि करीब 500 वर्ष पूर्व कबीर साहिब ने काशी में तीन दिवसीय निःशुल्क भंडारे का आयोजन किया था, जिसमें 18 लाख साधु-संत पहुंचे थे। उसी के साक्ष्य स्वरूप प्रतिवर्ष दिव्य धर्म यज्ञ दिवस मनाया जाता है। इस बार भी आश्रम में तीन दिवसीय समागम के पहले दिन संत गरीबदास जी महाराज की अमरवाणी के अखंड पाठ की शुरुआत की गई थी।
समागम में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। लाखों श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध देसी घी से निर्मित लड्डू, जलेबी, हलवा, सब्जी, पूड़ी, दाल और चावल का प्रसाद चौबीसों घंटे निःशुल्क वितरित किया जा रहा है। हजारों सेवादार पार्किंग, पेयजल, भोजन और सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। आश्रम परिसर में लगाई गई आध्यात्मिक प्रदर्शनी का जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने अवलोकन किया। उन्होंने सामाजिक कार्यक्रमों और अन्नपूर्णा मुहिम के माध्यम से गरीब एवं असहाय लोगों की मदद को सराहनीय बताया। इस दौरान 2140 लोगों ने निःशुल्क नाम दीक्षा भी ग्रहण की।
आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन कबीर साहिब की परंपरा और संत रामपाल जी महाराज के सानिध्य में किया जा रहा है। तीन दिवसीय समागम का समापन 26 नवंबर को भोग की वाणी के साथ होगा।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *