- कैबिनेट की मंजूरी,2027 युवा वर्ष घोषित
- सरकार के कामकाज की समीक्षा-दो साल का लक्ष्य तय करेंगे मंत्री-अफसर
भोपाल। मध्य प्रदेश में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक साल के लिए टाल दिए गए हैं। सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
नई पैक्स समितियों के गठन और परिसीमन की प्रक्रिया के चलते यह फैसला लिया गया है। पैक्स के प्रतिनिधि ही जिला सहकारी बैंकों के चुनाव में मतदाता होते हैं, इसलिए बैंक चुनाव भी अब पैक्स चुनाव के बाद होंगे।
कैबिनेट ने नौ जिला सहकारी बैंकों को अंश पूंजी देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। इसके अलावा सरकार के तीन साल के कामकाज की समीक्षा और आगामी दो साल की रणनीति तय करने के लिए 2 दिसंबर को अधिकारियों का नीति चिंतन और 21-22 दिसंबर को मंत्रियों-विधायकों का चिंतन शिविर आयोजित किया जाएगा।
कैबिनेट बैठक के बाद एमएसएमई मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने मीडिया को फैसलों की जानकारी दी।
9 जिला सहकारी बैंकों को मिलेगी अंश पूंजी
पिछले साल 50-50 करोड़ रुपए की अंश पूंजी पाने वाले छह जिला सहकारी बैंकों में से बेहतर प्रदर्शन करने वाले पांच बैंकों को 25-25 करोड़ रुपए अतिरिक्त दिए जाएंगे। इनमें रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर शामिल हैं। वहीं रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के चार नए जिला सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ रुपए की अंश पूंजी दी जाएगी।
2 दिसंबर को अफसरों का नीति चिंतन, 21-22 को चिंतन शिविर
सरकार के तीन साल के कामकाज की समीक्षा और 2047 तक विकसित मध्यप्रदेश बनाने के विजन पर 2 दिसंबर को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों का नीति चिंतन होगा। इसमें आठ सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके निष्कर्षों के आधार पर 21 और 22 दिसंबर को मंत्रियों और विधायकों का चिंतन शिविर होगा। इसमें सरकार के अगले दो साल की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
वहीं, विधानसभा का शीतकालीन सत्र 7 से 11 दिसंबर तक चलेगा। इसमें अनुपूरक बजट और कई शासकीय संकल्प प्रस्तुत किए जाएंगे।
खनिज राजस्व 30 हजार करोड़ रुपए करने का लक्ष्य
प्रदेश में खनिज रॉयल्टी से वर्तमान में 12,170 करोड़ रुपए की आमदनी होती है। इसे बढ़ाकर 30 हजार करोड़ रुपए करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए प्रदेश को तीन हिस्सों में बांटकर खनिज निगम लिमिटेड के माध्यम से नया सर्वे कराया जाएगा। पुराने आंकड़ों का भी विश्लेषण होगा। नई खदानों के विकास पर हर साल 70 से 80 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।
46,500 घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए 193 करोड़ मंजूर
ग्रामीण क्षेत्रों में 20 से अधिक घरों वाली आबादी के 1,834 मजरों-टोलों के 46,500 घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए 193 करोड़ रुपए की योजना को मंजूरी दी गई है। इसमें केंद्र और राज्य सरकार की हिस्सेदारी रहेगी। 20 से कम घरों वाली छोटी बस्तियों और मोहल्लों का विद्युतीकरण राज्य सरकार अपने खर्च पर करेगी।
एकात्म धाम परियोजना जारी रहेगी, तीन जगह बनेंगे ट्राइबल कैफे
ओंकारेश्वर में 2,424 करोड़ रुपए की लागत से बन रही एकात्म धाम परियोजना को जारी रखने की मंजूरी दी गई है। इसका मुख्य काम आगामी सिंहस्थ से पहले पूरा करने का लक्ष्य है। मांडू, कान्हा-किसली और पेंच में ट्राइबल कैफे स्थापित किए जाएंगे। यहां विदेशी पर्यटकों को जनजातीय खान-पान और संस्कृति से परिचित कराया जाएगा। जनजातीय उत्पादों को जीआई टैग दिलाने के लिए भी आवेदन किए गए हैं।
2027 युवा वर्ष, साल में दो बार होगी पीएससी परीक्षा
प्रदेश में वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। इसके तहत मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित की जाएंगी। इसके लिए परीक्षा कैलेंडर भी जारी किया गया है। भोपाल के नाथू बरखेड़ा में 1,000 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के पहले चरण का शुभारंभ भी हो गया है।
ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन में 25 उद्योगपतियों को जमीन
जुलाई में ग्वालियर में शुरू हुए टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन में नवंबर तक 25 उद्योगपतियों को जमीन आवंटित की गई है। यहां निवेश के लिए 40 नए आवेदन भी मिले हैं। स्वामित्व योजना के तहत प्रदेश में अब तक 26 लाख से अधिक रजिस्ट्रियां हो चुकी हैं।
एचपीवी वैक्सीनेशन में 100% लक्ष्य हासिल
बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए चलाए गए एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान में मध्यप्रदेश ने 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ प्रदेश देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल हो गया है।
गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना जारी रहेगी
देसी नस्ल की गायों के पालन को प्रोत्साहित करने वाली गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना जारी रहेगी। इसके तहत प्रतिदिन छह लीटर से अधिक दूध देने वाली देसी गायों के पशुपालकों को ग्राम और ब्लॉक स्तर पर एक-एक लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाता है।