दीवार पर सिर पटका, फिर घोंटा गला, पुलिस से बोली- मेरे पति नहीं मिल रहे
बैतूल। बैतूल में पत्नी ने अफेयर का पता चलने पर पति को मार डाला। पहले सिर दीवार पर पटका, फिर दुपट्टे से गला घोंट दिया। हत्या के बाद प्रेमी को फोन किया। दोनों पति की लाश लेकर जंगल पहुंचे और नाले के पास रेत में गाड़ दिया।
पति को ठिकाने लगाने के बाद पत्नी थाने पहुंच गई। कहा- पति गायब हैं, मिल नहीं रहे। 20 नवंबर को गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन जांच में प्रेमी के साथ उसके अफेयर का खुलासा हुआ। पूछताछ में दोनों ने हत्या कबूल कर ली।
22 नवंबर को पुलिस दोनों को जंगल ले गई। डॉग स्क्वॉड ने चप्पल और कपड़ों की गंध सूंघकर मुख्य सड़क से 3 किमी अंदर रेत में दफन शव खोज निकाला। पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया।
हरदा में चलाता था जेसीबी, ग्यारस मनाने गांव आया था
संदीप यादव बैतूल जिले के ग्राम खापा का रहने वाला था। वह हरदा में जेसीबी चलाता था। कुछ दिन पहले ही ग्यारस मनाने गांव आया था।
संदीप और सागर की शादी करीब 15 साल पहले हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। वारदात के वक्त 13 साल की बेटी और छोटा बेटा घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे।
पति को पत्नी के प्रेम संबंधों का पता चला
पुलिस के मुताबिक, संदीप को पत्नी सागर और गांव के मिस्त्री ओमप्रकाश यादव के बीच प्रेम संबंधों की भनक लग गई थी। उसे पता चला था कि उसकी गैरमौजूदगी में ओमप्रकाश घर भी आता है।
इस बात को लेकर दोनों के बीच तनाव रहता था। संदीप अक्सर शराब के नशे में पत्नी से मारपीट भी करता था।
पैसों के विवाद में हुई हत्या
20 नवंबर की रात संदीप और सागर के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ। झगड़ा बढ़ने पर सागर ने शराब के नशे में धुत संदीप को धक्का दिया। वह दीवार से टकराकर नीचे गिर पड़ा। इसके बाद सागर ने दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया।
प्रेमी को बुलाया, जंगल में दफनाया शव
हत्या के बाद सागर ने ओमप्रकाश को फोन कर घर बुलाया। दोनों ने मिलकर शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई।
वे संदीप की लाश ताकू मिलिट्री रेंज के जंगल में नाले के पास ले गए और रेत में दफना दिया। इसके बाद सागर शाहपुर थाने पहुंची और पति की गुमशुदगी दर्ज करा दी।
पत्नी और प्रेमी की गतिविधियों से हुआ शक
पुलिस ने 20 नवंबर को गुमशुदगी दर्ज कर संदीप की तलाश शुरू की। जांच के दौरान सागर और ओमप्रकाश की गतिविधियां संदिग्ध लगीं।
दोनों के संबंधों की जानकारी मिलने पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की। परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ में दोनों ने हत्या और शव दफनाने की बात कबूल कर ली।
जंगल में भी पुलिस को गुमराह करते रहे आरोपी
22 नवंबर को पुलिस दोनों आरोपियों को लेकर ताकू मिलिट्री रेंज के जंगल पहुंची। शुरुआत में दोनों शव दफनाने की सही जगह बताने के बजाय पुलिस को गुमराह करते रहे।
इसके बाद थाना प्रभारी शाहपुर नीरज पाल ने फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया। सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी, डॉग हैंडलर विवेक गाडगे और पुलिस फोटोग्राफर प्रधान आरक्षक सुभाष माकोड़े भी टीम के साथ पहुंचे।
डॉग स्क्वॉड ने 3 किमी अंदर खोजा शव
पुलिस ने मृतक की चप्पल और कपड़े घर से मंगवाकर डॉग को उनकी गंध सुंघाई। इसके बाद डॉग मुख्य सड़क से करीब 3 किलोमीटर अंदर जंगल में नाले के पास पहुंचा।
डॉग के बताए स्थान पर जांच की गई तो शव दफन होने के संकेत मिले। तहसीलदार इटारसी और थाना प्रभारी केसला की मौजूदगी में खुदाई कराई गई। रेत में दफन संदीप का शव बरामद हुआ।
पुलिस अधीक्षक बैतूल अमित सक्सेना भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने शाहपुर और केसला पुलिस के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। शव के संबंध में थाना केसला में मर्ग कायम किया गया।
बाइक और कपड़े जब्त, दोनों जेल भेजे
पुलिस ने सागर यादव और ओमप्रकाश यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और सागर के कपड़े जब्त किए गए।
शाहपुर थाने के अपराध क्रमांक 529/2026 में पहले लगी धारा 140(3) BNS के साथ हत्या की धारा 103(1) और सबूत मिटाने की धारा 238 BNS बढ़ाई गईं। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।