- साईंखेड़ा मार्ग एवं डहुआ में ब्रेकर और साइनेज लगाने के निर्देश
बैतूल। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए जिले के सभी दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट्स) पर बिना किसी देरी के आवश्यक सुधार कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। राष्ट्रीय राजमार्ग सहित शहर एवं अन्य मार्गों पर चिन्हित संवेदनशील स्थलों का सुधार संबंधित विभाग स्वतः प्राथमिकता से करें। यह निर्देश कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने साईंखेड़ा-मुलताई मार्ग के समीप तथा डहुआ में आवश्यकतानुसार ब्रेकर एवं साइनेज लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम द्वारा चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर किए गए सुधार कार्यों की जानकारी लेते हुए शेष स्थलों पर भी शीघ्र मरम्मत एवं आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने गेंदा चौक पर बार-बार लगने वाले जाम की समस्या का निराकरण करने तथा जिले के सभी संवेदनशील सड़क जंक्शनों को चिह्नित कर वहां यातायात सुधार के आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक श्री अमित सक्सेना ने दुर्घटना की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए क्रेन और एंबुलेंस की उपलब्धता के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने तथा उनकी जानकारी संबंधित अधिकारियों एवं आमजन के साथ साझा करने की आवश्यकता बताई।
बैठक में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सड़क मरम्मत कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि सड़कों पर आवश्यक स्थानों पर हाईमास्ट लाइट लगाई जाएं तथा उनकी नियमित कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए। कृषि उपज मंडी में यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए टोकन व्यवस्था प्रारंभ करने के निर्देश दिए। मंडी में आने वाले सभी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर लगवाने के लिए भी कहा।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट के उपयोग को प्रभावी ढंग से लागू कराने तथा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने परमंडल तिराहे पर प्रस्तावित फ्लाईओवर के अनुमोदन की कार्यवाही कराने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अमित सक्सेना, वन मंडलाधिकारी श्री नवीन गर्ग, वन मंडलाधिकारी श्री अरिहंत कोचर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपूसे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।