• निमोनिया से महिला की मृत्यु के मामले में सीएचओ को नोटिस जारी करने के निर्देश
  • नवजात की मृत्यु के प्रकरण में एएनएम को निलंबित करने एवं बीएमओ को नोटिस जारी करने के निर्देश

बैतूल। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सोमवार को भीमपुर जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत धामन्या में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान निमोनिया से एक महिला की मृत्यु के मामले में संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित सीएचओ धामन्या को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार ग्राम रंभा में एक महिला द्वारा घर पर नवजात शिशु को जन्म देने तथा 12 दिन बाद नवजात की मृत्यु होने के प्रकरण में भी उन्होंने गंभीरता से संज्ञान लिया। जांच में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंभा की एएनएम के कर्तव्य स्थल पर अनुपस्थित रहने की लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर ने उन्हें निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही इस मामले में भीमपुर बीएमओ द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर उन्हें भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों द्वारा बुरेठा से कासिया तक 3 किलोमीटर तथा मेंढा से नेवरालोंडू तक 3 किलोमीटर कच्चे मार्ग के निर्माण की मांग रखी गई। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को दोनों मार्गों के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने ग्राम धामन्या में शासकीय विद्यालय एवं आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण हाट बाजार और स्व सहायता समूहों के द्वारा संचालित गतिविधियों की भी जानकारी ली।
गोंडी पेंटिंग एवं हस्तशिल्प दीपों का किया अवलोकन
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने ग्राम धामन्या में ग्रामीण कलाकारों द्वारा तैयार की गई गोंडी पेंटिंग एवं हस्तशिल्प से निर्मित दीपों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कलाकारों के हुनर और उनके द्वारा तैयार की जा रही कलाकृतियों की सराहना की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को हस्तशिल्प दीपों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने तथा उत्पादों को उचित मूल्य पर बिकवाने के लिए आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए। गोंडी पेंटिंग के अवलोकन के दौरान उन्होंने स्थानीय कलाकारों को एकजुट कर उनका व्हाट्सएप ग्रुप बनाने तथा उनकी कलाकृतियों के प्रचार-प्रसार, बिक्री के लिए व्यवस्थित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *