- सिविल सर्जन डॉ. घोरे ने आमजन से की सतर्कता बरतने की अपील
बैतूल। दीपावली पर्व के दौरान पटाखे जलाते समय सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे ने आमजन से अपील की है कि वे आवश्यक सावधानियां अपनाते हुए सुरक्षित एवं हर्षोल्लास के साथ दीपावली का पर्व मनाएं। सिविल सर्जन डॉ. घोरे ने कहा कि पटाखे हमेशा खुले एवं सुरक्षित स्थान पर ही जलाएं। छोटे बच्चों को पटाखे जलाते समय बड़ों की निगरानी में रखें। पटाखे जलाते समय सूती एवं आरामदायक कपड़े पहनें तथा पटाखों को हाथ में पकड़कर जलाने से बचें। बड़े पटाखों को सुरक्षित दूरी बनाकर जलाएं और अधजले पटाखों को दोबारा जलाने का प्रयास न करें। उन्होंने नागरिकों को सलाह दी कि पटाखे जलाते समय पास में पानी से भरी बाल्टी एवं प्राथमिक उपचार की सामग्री अवश्य रखें। पटाखों को जलाते समय पर्याप्त दूरी बनाए रखें तथा बच्चों को पटाखों के सीधे संपर्क में आने से बचाएं। डॉ. घोरे ने बताया कि पटाखों से जलने की स्थिति में प्रभावित स्थान को तत्काल साफ बहते पानी से धोना चाहिए। इसके बाद बिना देरी किए निकटतम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा जिला चिकित्सालय पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार लेना चाहिए। उन्होंने आमजन से अपील की कि थोड़ी सी सावधानी अपनाकर दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। सभी नागरिक स्वयं सुरक्षित रहें और अपने परिवार की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाएं।