बैतूल। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित समय-सीमा बैठक में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत प्राप्त आवेदनों की जनपदवार समीक्षा की। उन्होंने सभी एसडीएम, जनपद सीईओ एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को लंबित आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने भैंसदेही विकासखंड में जनविश्वास शिविर के आवेदनों के निराकरण में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जनपद सीईओ एवं राजस्व अधिकारियों को प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समय पर और गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाएं। बार-बार नॉन-अटेंड पाई जाने वाली शिकायतों पर संबंधित विभाग के जिला अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
कम वर्षा को देखते हुए जल प्रबंधन की कार्ययोजना बनाएं
कलेक्टर ने जिले में कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए जल संरक्षण एवं जल प्रबंधन के लिए आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पंचायत को कम वर्षा के आधार पर चिन्हित रेड जोन एवं येलो जोन क्षेत्रों के लिए जल प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी समय में पेयजल एवं अन्य आवश्यकताओं के लिए जल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच जारी रखें
आगामी त्योहारों को देखते हुए कलेक्टर ने खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच लगातार जारी रखने के निर्देश खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाए और मिलावट पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पटाखा दुकानों में गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित करें। कलेक्टर डॉ सोनवणे ने सभी एसडीएम को पटाखा दुकानों के लिए निर्धारित सुरक्षा गाइडलाइन का गंभीरता से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटाखों की बिक्री एवं भंडारण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रूप से कराया जाए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री गणेश जायसवाल, अपर कलेक्टर श्री गोपाल सिंह वर्मा सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।