- सरकारी स्कूलों की दशा सुधारने एवं शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
बैतूल। शिक्षा संजीवनी अभियान के अंतर्गत प्रभात पट्टन विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गेहूं बारसा में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री पूनम वरकड़े ने कहा कि शिक्षा संजीवनी अभियान बैतूल कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे की एक महत्वपूर्ण पहल है। इस अभियान के माध्यम से जिले के शासकीय विद्यालयों की स्थिति में सुधार लाने, आधारभूत सुविधाओं को विकसित करने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासकीय विद्यालयों के विकास में शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं समाज के सभी वर्गों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में आईटी सेल समन्वयक विनोद पड़लक एवं बीआरसी पट्टन शंकरलाल खपरिए ने शिक्षा संजीवनी अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए इसके उद्देश्यों एवं महत्व से उपस्थित जनसमुदाय को अवगत कराया इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य घनश्याम आज़ाद ने बताया कि गेहूं बारसा संकुल अंतर्गत आने वाले विद्यालयों के शिक्षकों द्वारा प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए 120 डेस्क-बेंच उपलब्ध कराई गई हैं। शिक्षकों की इस पहल से प्राथमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण निर्मित करने में सहायता मिलेगी। कार्यक्रम में संस्था के वरिष्ठ शिक्षक सुरेश आज़ाद, नवल सिंह कुमरे सहित विद्यालय एवं संकुल के समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।