• निर्धारित शुल्क पर ही हो तुलाई, अधिक राशि लेने की शिकायत पर होगी कार्रवाई
  • कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, पुलिस एवं मंडी प्रशासन आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं सुचारू रखें
  • बडोरा मंडी का कलेक्टर डॉ सोनवणे ने किया निरीक्षण

बैतूल। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सोमवार को बड़ोरा कृषि उपज मंडी का औचक निरीक्षण कर मंडी में किसानों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने नीलामी एवं तुलाई व्यवस्था की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि किसानों की उपज की नीलामी और तुलाई समय पर सुनिश्चित की जाए। किसानों से तुलाई का निर्धारित शुल्क ही लिया जाए। यदि निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लेने की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि मंडी में तुलाई के निर्धारित शुल्क की जानकारी प्रमुख स्थानों पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए। साथ ही, मंडी प्रशासन  का संपर्क नंबर भी प्रदर्शित किया जाए, ताकि किसान किसी भी प्रकार की समस्या अथवा शिकायत होने पर तत्काल मंडी प्रशासन को अवगत करा सकें। कलेक्टर ने मंडी परिसर में उपज लेकर आने वाले वाहनों की व्यवस्था की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मंडी में अनावश्यक रूप से उपज डंप करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। वाहनों की पार्किंग के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि मंडी परिसर के साथ-साथ आसपास के मार्गों पर भी यातायात बाधित न हो।
किसानों से चर्चा कर जानी समस्याएं
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने किसानों से सीधे संवाद कर मंडी की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। किसानों ने तुलाई के दौरान होने वाली परेशानियों से उन्हें अवगत कराया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने तथा निर्धारित शुल्क पर ही तुलाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मंडी में व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, पुलिस एवं मंडी प्रशासन को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी नियमित रूप से मंडी का निरीक्षण करें और समस्या सामने आने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान एसडीएम बैतूल डॉ. अभिजीत सिंह, एसडीओपी सुश्री अन्नपूर्णा सिरसाम, मंडी सचिव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *