- नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं, प्रधान सेवक हैं जिनका सेवा मंत्र है – अंत्योदय, राष्ट्र प्रथम का भाव और विरासत के साथ विकास – मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव
उज्जैन। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने आज गुरुवार को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष के अवसर पर पार्टी द्वारा चलाये जा रहे राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान के तहत उज्जैन में मोक्षदायिनी माँ शिप्रा के राम घाट पर “आशीर्वाद का दीया” प्रज्वलित की।रामघाट, नृसिंह घाट, महाकाल लोक और कार्तिक मेला मैदानमहाकाल लोक क्षेत्र में लाखों दीयों की अलौकिक आभा ने पूरे वातावरण को भावविभोर कर दिया।कार्तिक मेला मैदान के पास दीयों की जगमग रौशनी से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विशाल आकृति बनी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इसका भी अवलोकन किया।दीपों की रोशनी से शिप्रा के घाट जगमगा उठे और पूरा वातावरण श्रद्धा, उत्साह तथा जनभागीदारी से सराबोर नजर आया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश भाजपा प्रभारी श्री महेंद्र सिंह, भाजपा राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक श्री आशीष ऊषा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में राज्य सरकार के मंत्री, पार्टी पदाधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने हृदयतल की गहराइयों से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन तथा उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के अवसर पर अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने कहा कि आज आधुनिक भारत के निर्माता प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन है। हम सभी यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर उन्हें हार्दिक बधाई देते हैं और उनके दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना करते हैं। आज आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की गई है। यह अभियान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के संकल्प से प्रेरित है। उनके सार्वजनिक जीवन की इस लंबी यात्रा ने सेवा और समर्पण को जनभागीदारी से जोड़ने का कार्य किया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर समाज में आए बदलाव, लोगों के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तन और देश के प्रति लोगों के बढ़े हुए आत्मविश्वास को देखते हुए हर वर्ग और हर परिवार के भारतवासी मिलकर ‘आशीर्वाद का दीया’ जला रहे हैं। यह दीप केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति देशवासियों के स्नेह, शुभकामनाओं और आशीर्वाद की अभिव्यक्ति है। देशभर के लोग, साधु-संत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के यशस्वी एवं दीर्घायु जीवन की कामना कर रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने कहा कि हमने आज ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की है। हमारे कई विपक्षी साथी पूछते हैं कि आज के दिन को आप ‘सेवा दिवस’ क्यों कहते हैं? मेरे विपक्ष के मित्रों, आपने केवल राजनीति की, हमने समाज को जोड़ने का काम किया, हमने समाज को आगे बढ़ाने का काम किया है। सेवा के शब्द का मतलब वे समझ ही नहीं सकते।जब इस देश के 80 करोड़ परिवारों तक घर-घर अनाज पहुंचता है, जब कोरोना जैसी आपदा के समय पूरे देश को एक सूत्र में बांधकर चलने वाला व्यक्तित्व एक आवाज पर पूरे देश को एकजुट होने के लिए तैयार कर देता है, जब मुफ्त वैक्सीन के माध्यम से 200 करोड़ से अधिक डोज देने का काम होता है, जब 12 करोड़ परिवारों तक शौचालय की सुविधा पहुंचाई जाती है, जब गरीबों के खाते खुलवाए जाते हैं, गरीबों को बैंक के दरवाजे तक पहुंचने का मौका मिलता है और उन्हें स्वाभिमान के साथ जीने का अवसर दिया जाता है, तो ऐसे नेतृत्वकर्ता के जन्मदिन को हम सेवा दिवस के रूप में क्यों न मनाएं? जिस सेवा के भाव और जिस सेवा के कार्यक्रम को लेकर पिछले 25 वर्षों में प्रधानमंत्री जी ने तपस्या और समर्पण के जिस भाव से इस देश के लोगों की सेवा की है, वह हम सबके लिए अभिनंदनीय है। हम आज मध्य प्रदेश की जनता की तरफ से अपने प्रधानमंत्री के यशस्वी जीवन की कामना करते हैं और उनके दीर्घायु होने की कामना करते हैं। प्रधानमंत्री जी, आप इसी प्रकार देश का नेतृत्व करते रहिए। पूरे 140 करोड़ देशवासी आपको आज आशीर्वाद देते हैं और आपके लिए आज आशीर्वाद का दिया जला रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने कहा कि पहले हमारे राष्ट्राध्यक्ष देश और दुनिया में जाते थे, तो पहली पंक्ति में बैठने के लिए भी जगह की तलाश करनी पड़ती थी। आज विश्व के अंदर 35-36 से अधिक देश भारत के प्रधानमंत्री को सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित करते हैं। यह 140 करोड़ देशवासियों का सम्मान होता है। यह सम्मान हमारे उस काम का होता है, जो नरेन्द्र मोदी जी ने इस देश के लिए किया है। यह सम्मान उस गरीब का होता है, जिसको आगे बढ़ाने का काम उन्होंने किया है। 25 करोड़ परिवारों को गरीबी रेखा से बाहर लाने का काम किसी ने किया, तो हमारे नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने किया। इसीलिए आज विश्व में उनका डंका बज रहा है। आज जब प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन को हम मना रहे हैं, तो तीन ऐसे मंत्र और सूत्र हैं, जो प्रधानमंत्री जी के जीवन से सीधे दिखाई देते हैं। पहला है अंत्योदय का भाव। पहले लोग योजनाओं का नाम लिखते थे तो देखते थे कि किसको देना है, किस समाज को देना है। उनके चश्मे से गरीब जनता नहीं दिखती थी, उन्हें अपना वोट बैंक दिखता था। लेकिन प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में हर योजना में पहला नाम गरीब का होता है और पहला पता गांव का होता है, जिस गांव से भारत की जनता जानी जाती है।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ‘प्रधान सेवक’ हैं। पहले कांग्रेस की सरकारों में दिल्ली से 1 रुपया चलता था तो गरीब के खाते में केवल 15 पैसा ही पहुंचता था लेकिन हमारे प्रधान सेवक ने यह सुनिश्चित किया कि अगर दिल्ली से 1 रुपया चलेगा, तो गरीब के खाते में पूरा का पूरा 1 रुपया पहुंचेगा। यही हमारे प्रधान सेवक की प्राथमिकता है। आज ‘राष्ट्र प्रथम’ के नारे से राष्ट्र को एक सूत्र में बांधकर चलने वाले व्यक्तित्व हैं हमारे प्रधानमंत्री जी। प्रधानमंत्री ने अपने नेतृत्व में इस देश की विरासत और संस्कृति को आगे बढ़ाने का काम किया है। अयोध्या की पवित्र भूमि पर भव्य श्री राम मंदिर का निर्माण हो या महाकाल की धरती के पुनरुत्थान का काम, इसके लिए हम सभी आज उनका अभिवादन करते हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हाल ही में ब्रिक्स का एक बड़ा सम्मेलन हुआ। दिल्ली के अंदर पूरे विश्व की निगाहें दिल्ली पर केंद्रित थीं और दिख रहा था कि किस प्रकार से दुनिया के शक्तिशाली मुल्क भारत के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने को तैयार हैं। लेकिन हमारे विपक्ष के साथियों को उसमें भी मेनू दिख रहा था, उनको दिख रहा था कि खाने की रेसिपी क्या बनी है। अरे, आपको यह नहीं दिखा कि विश्व के शक्तिशाली देश एक साथ मिलकर वृक्षारोपण करते हैं और ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाकर इस विश्व को संदेश देने का काम करते हैं? प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आज पूरा देश उन्हें आशीर्वाद देना चाहता है। विपक्ष के कुछ लोग पूछते हैं कि इतना बड़ा आयोजन क्यों हो रहा है? लोग ‘आशीर्वाद का दिया’ क्यों जला रहे हैं? मैं उन्हें विनम्रतापूर्वक जवाब देते हुए कहना चाहता हूँ कि देश में 4 करोड़ गरीब परिवारों के पक्के मकान बनते हैं और यदि उस गरीब परिवार का हर सदस्य अपने परिवार के साथ मिलकर अपने उस नेता और नेतृत्वकर्ता के लिए दिया जलाते हैं, आशीर्वाद देते हैं तो आपको आपत्ति क्यों होती है? यह बदलाव नरेन्द्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में आया है।
इससे पूर्व भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इंदौर पहुँचने पर भव्य स्वागत हुआ। पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साह और उमंग के साथ उनका जगह-जगह भव्य स्वागत किया। पूरे मार्ग पर लगभग 100 स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने पुष्पवर्षा एवं उत्साहपूर्ण नारों के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन का अभिनंदन किया। रोड शो के दौरान सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ उपस्थित रही और पूरे मार्ग पर उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। कार्यकर्ताओं एवं आमजन के उत्साह और सहभागिता से रोड शो ने व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप लिया। इसके बाद उज्जैन पहुँचने पर हैलीपैड से रामघाट तक भी उनका भव्य रोड शो हुआ जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ी।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने इससे पहले इंदौर में स्वामित्व योजना के तहत नई राज्यव्यापी पंजीकरण प्रक्रिया का शुभारंभ किया और इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में स्वामित्व योजना के माध्यम से लोगों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है। यह केवल कागज का एक टुकड़ा नहीं है और न ही केवल संपत्ति की रक्षा का विषय है, बल्कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में परिवारजनों को उनके सुनहरे भविष्य और स्वाभिमान के साथ जिंदगी जीने का रास्ता देने का प्रयास है। भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव ने बड़े प्रयास से कई आयामों पर काम करते हुए 55 जिलों के 41,568 गांवों में करीब 68,47,000 भूखंडों का सर्वे किया है। आज निःशुल्क रजिस्ट्री के माध्यम से 50 लाख लोगों को उनका अधिकार देने की शुरुआत हो रही है, जो प्रशंसनीय और अभिनंदनीय है।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आज का दिन इसलिए भी विशेष है कि आज भगवान विश्वकर्मा की जयंती है। दुनिया भर में माना जाता है कि भारत के लोग मेहनती और हुनरमंद होते हैं। उन्होंने अपने हुनर और अपनी क्षमता से कई क्षेत्रों को आगे बढ़ाया है। मैं आज मानता हूं कि जिस प्रकार भगवान विश्वकर्मा ने कई चीजें हमारे अंदर आशीर्वाद के रूप में दी हैं, उसी प्रकार माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने भी भारत के निर्माण में, भारत के लोगों को विश्वास के साथ उनकी विरासत को आगे बढ़ाते हुए, 140 करोड़ लोगों को देश के विकास के साथ जोड़ने का काम किया है।
इंदौर में आयोजित कार्यक्रम के मंच पर पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, प्रदेश शासन के उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, प्रदेश शासन के मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, श्री तुलसीराम सिलावट, केंद्रीय मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, राष्ट्रीय महामंत्री व सांसद श्री गजेंद्र सिंह पटेल, राष्ट्रीय मंत्री व सांसद श्रीमती कविता पाटीदार, राष्ट्रीय मीडिया सह संयोजक श्री आशीष ऊषा अग्रवाल, प्रदेश शासन के मंत्री श्री करण सिंह वर्मा, पार्टी के प्रदेश महामंत्री श्री गौरव रणदिवे, सांसद श्री शंकर लालवानी, विधायक सुश्री उषा ठाकुर, श्रीमती मालिनी गौड़, श्री मधु वर्मा, श्री मनोज पटेल, श्री रमेश मेंदोला, श्री राकेश गोलू शुक्ला, जिला अध्यक्ष श्री सुमित मिश्रा, ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्री श्रवण सिंह चावड़ा सहित जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।