- बैतूल के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम एक लाख दीपों से होगा जगमग
- केंद्र प्रवर्तित योजनाओं के लाभान्वित हितग्राही करेंगे सहभागिता
- जेएच कॉलेज में केंद्रीय मंत्री श्री उईके के मुख्य आतिथ्य में 2500 दीपों का प्रज्वलन
बैतूल। सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को जिलेभर में आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से जिले में सेवा, सहभागिता और जनकल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। केंद्र प्रवर्तित योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सहभागिता से जिले में 21 लाख से अधिक दीपों का प्रज्वलन किया जाएगा। जिला मुख्यालय के साथ सभी जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकाय क्षेत्रों में भी वृहद दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम होंगे।
पंचायत एवं वार्ड स्तर तक होगी सहभागिता
आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने के लिए जिले की सभी पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों के वार्डों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। केंद्र प्रवर्तित योजनाओं से लाभान्वित हितग्राही इन आयोजनों में सहभागी बनकर आशीर्वाद का दिया जलाएंगे। प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सार्वजनिक स्थलों के साथ विकास कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों को भी रोशन किया जाएगा।
बैतूल का लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम एक लाख दीपों से होगा जगमग
जिला मुख्यालय स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में शाम 7 बजे एक लाख दीपों का भव्य प्रज्वलन किया जाएगा। बड़ी संख्या में हितग्राही, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक इस आयोजन में सहभागी होंगे। वहीं मुलताई स्थित मां ताप्ती उद्गम स्थल पर लगभग 50 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त बड़ी सिंचाई परियोजनाओं, प्रमुख सड़क मार्गों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में भी लाइटिंग की जाएगी।
जेएच कॉलेज ऑडिटोरियम में 2500 दीपों का प्रज्वलन
जेएच कॉलेज ऑडिटोरियम में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री दुर्गादास उईके के मुख्य आतिथ्य में 2500 दीपों का प्रज्वलन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन जनजातीय कार्य विभाग द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम में विभागीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सहभागिता रहेगी।
7 सेक्टर में 390 कर्मचारियों की ड्यूटी
जिलेभर में दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम की व्यवस्थाओं के लिए 7 सेक्टर बनाए गए हैं। कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए लगभग 390 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ये कर्मचारी 21 नोडल अधिकारियों के निर्देशन में विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलन की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे।
जनपद पंचायत क्षेत्रों में इन प्रमुख स्थलों पर लगाए जाएंगे आशीर्वाद के दीप
जनपद पंचायत क्षेत्रों में भी प्रमुख स्थलों का चयन किया गया है। आमला में सोमवार वार्ड क्रमांक-4, आठनेर में ग्राम पंचायत हिडली स्थित बजरंग मंदिर, बैतूल में लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम, भैंसदेही में प्राचीन शिव मंदिर, भीमपुर में ग्राम पंचायत भीमपुर स्थित बजरंग मंदिर, चिचोली में ग्राम पंचायत कट्टकुही स्थित भंडारा घाट, घोड़ाडोंगरी में ग्राम पंचायत घोड़ाडोंगरी स्थित खेड़ापति माता मंदिर, मुलताई में मां ताप्ती उत्सव स्थल, प्रभात पट्टन में रामजी महाजन स्मारक के पास तथा शाहपुर में माचना घाट पर आशीर्वाद के दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
नगरीय क्षेत्रों में भी प्रमुख स्थल होंगे रोशन
नगरीय निकाय क्षेत्रों में बैतूल में लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम, आमला में माता मंदिर वार्ड क्रमांक-4, सारणी में श्री श्री 1008 बाबा मोरध्वज मंदिर वार्ड क्रमांक-9, मुलताई में मां ताप्ती तट, बैतूल बाजार में गणेश घाट माता मंदिर एवं बावड़ी मंगल भवन, भैंसदेही में प्राचीन शिव मंदिर, चिचोली में पिपलेश्वर महादेव मंदिर, तालाब के समीप वार्ड क्रमांक-9, आठनेर में देवी मंदिर, शाहपुर में राम मंदिर चौक एवं शहीद स्मारक तथा घोड़ाडोंगरी में वार्ड क्रमांक-4 स्थित शहीद स्मारक पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
सेवा और जनभागीदारी का संदेश देगा आयोजन
आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम के माध्यम से जिले के विकास में सहभागी रहे हितग्राहियों एवं आम नागरिकों को एक साझा मंच से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जिलेभर में एक साथ दीप प्रज्ज्वलन से सेवा संकल्प अभियान की भावना को व्यापक रूप दिया जाएगा। विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित परिवार स्वयं दीप जलाकर सेवा, विश्वास, सहभागिता और जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाएंगे।