- बैराज-जलाशय से लेकर बिजली, सड़क और नए वितरण केंद्रों तक क्षेत्र की जरूरतों का रखा खाका; मुख्यमंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
सारनी। विधानसभा क्षेत्र आमला-सारनी के विकास को गति देने और क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं के समाधान को लेकर विधायक डॉ.योगेश पंडाग्रे ने बुधवार को भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव से सौजन्य भेंट की। मुलाकात के दौरान विधायक ने क्षेत्र की जनसमस्याओं और लंबित विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री के समक्ष विस्तार से चर्चा की।भाजपा सारनी मंडल के महामंत्री संजीव सिंह उर्फ नन्हे ने बताया कि विधायक श्री पंडाग्रे क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात में किसानों के हित में नए बैराज एवं जलाशयों के निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी गई।इसके साथ ही आमला- सारनी क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नए विद्युत वितरण उपकेंद्रों की स्थापना, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण तथा मौजूदा सड़कों के उन्नयन का मुद्दा भी उठाया गया।विधायक ने मुख्यमंत्री को बताया कि इन कार्यों से किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए सकारात्मक आश्वासन दिया।विधायक पंडाग्रे ने कहा कि जनता के विश्वास को विकास की ताकत बनाकर आमला-सारनी के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयास लगातार जारी रहेंगे।