“नशे से दूरी है जरूरी 2.0” का औपचारिक शुभारंभ 15 जुलाई को

Estimated read time 1 min read
  • पुलिस परेड ग्राउंड से निकलेंगी जागरूकता रैली, नशा मुक्ति की दिलाई जाएगी शपथ
  • अभियान की तैयारियों को लेकर एसपी कार्यालय में हुई बैठक
  • नशे के खिलाफ जिले में 15 जुलाई से 30 जुलाई तक चलेगा ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान

बैतूल। जिले में नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” का औपचारिक शुभारंभ 15 जुलाई को सुबह 8 बजे पुलिस परेड ग्राउंड से होगा। कार्यक्रम के तहत यहां से वृहद स्तर पर रैली एवं ड्रग अवेयरनेस रन का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई जाएगी। अभियान के शुभारंभ अवसर पर स्कूल-कॉलेज एवं अन्य शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं, ग्राम एवं नगर सुरक्षा समिति के सदस्य, एनसीसी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे।

अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर एडिशनल एसपी श्री कमलेश कुमार खरपुसे, उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग सुश्री रोशनी वर्मा, एसडीओपी बैतूल अन्नपूर्णा सिरसाम, डीएसपी शेफा हाशमी, थाना प्रभारी, यातायात थाना प्रभारी, सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।  

बैठक में अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी। अभियान के तहत खेल एवं युवा कल्याण विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, नगर पालिका सहित अन्य विभाग, स्वयंसेवी संस्थाएं एनजीओ एवं ग्राम रक्षा समितियां 15 जुलाई से 30 जुलाई तक  प्रतिदिन रैली, पंपलेट वितरण, नुक्कड़ सभा, बैनर-पोस्टर, शॉर्ट फिल्म और अन्य माध्यमों से लोगों को जागरूक करेंगे। नशे के चिन्हित स्थलों पर पहुंचकर भी लोगों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

कार्यक्रमों की रूपरेखा

नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत 16 जुलाई को स्कूल-कॉलेजों में रील, शॉर्ट फिल्म सहित जनजागरूकता कार्यक्रम एवं शपथ का आयोजन होगा। वहीं 17 जुलाई को व्याख्यान, लघु फिल्म प्रदर्शन तथा स्कूलों के आसपास तंबाकू-सिगरेट की गुमठियां नहीं होने का सत्यापन किया जाएगा। साथ ही 18 जुलाई को झुग्गी-झोपड़ी एवं चिन्हित क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम, नशा पीड़ितों और उनके परिजनों को पुनर्वास केंद्रों की जानकारी तथा चिकित्सीय परामर्श दिया जाएगा तथा 19 जुलाई को ऑटो एवं शासकीय वाहनों पर पोस्टर, सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूक किया जाएगा। इसी प्रकार 20 जुलाई को मानव श्रृंखला बनाकर जनजागरूकता कार्यक्रम होगा तथा 21 जुलाई को चित्रकला, निबंध, पेंटिंग, स्लोगन, रंगोली एवं पोस्टर प्रतियोगिता, अभिभावकों की सहभागिता होगी। वहीं  22 जुलाई को गणमान्य व्यक्तियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के रिकॉर्डेड संदेशों का प्रचार-प्रसार तथा नशा छोड़ चुके लोगों की प्रेरक कहानियों का सोशल मीडिया पर प्रसारण किया जाएगा। इसके अलावा 23 जुलाई को बसों, सार्वजनिक परिवहन एवं नगर निकाय की एलईडी स्क्रीन पर जागरूकता फिल्म एवं संदेशों का प्रसारण होगा तथा 24 जुलाई को पुलिस थाना परिसरों में ग्राम एवं नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी। इसी प्रकार 25 जुलाई को महिला एवं बाल विकास विभाग के शौर्य दल, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं तथा ग्राम-नगर सुरक्षा समितियों की सहभागिता से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित होगा तथा 26 जुलाई को व्यापारियों, एनजीओ और सोशल ग्रुप के सहयोग से बाजार, हाट एवं सार्वजनिक स्थलों पर नशा विरोधी जनसंवाद। 27 जुलाई को शासकीय-अशासकीय छात्रावास, धार्मिक संस्थानों, फैक्ट्रियों एवं औद्योगिक इकाइयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं 28 जुलाई को वन, सामाजिक न्याय एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से विशेष जनजागरूकता अभियान आयोजित होगा। इसके अलावा 29 जुलाई को स्थानीय खेल प्रशिक्षकों के सहयोग से खिलाड़ियों के बीच नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम तथा 30 जुलाई को स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में समापन समारोह, जिसमें ग्राम एवं नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों तथा सक्रिय कार्यकर्ताओं का सम्मान एवं सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

More From Author

+ There are no comments

Add yours