जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का करें त्वरित निराकरण: कलेक्टर डॉ. सोनवणे

Estimated read time 1 min read
  • कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनीं नागरिकों की समस्याएं

बैतूल। कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रातः 11 बजे से आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं ध्यान पूर्वक सुनीं। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, पेंशन, आवास, बिजली, पानी सहित अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुई। इस दौरान उन्होंने कई प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मौके पर ही निराकरण कराया, वहीं शेष मामलों में समय-सीमा तय करते हुए अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में घोड़ाडोंगरी तहसील के ग्राम विष्णुपुर निवासी रंजा ने निस्तार तालाब तोड़ने की कोशिश और अवैध अतिक्रमण मुक्त करने के संबंध में आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर ने शाहपुर एसडीएम को तत्काल निरीक्षण कर शीघ्र प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जनसुनवाई में दोबारा न आना पड़े। इस दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट, संयुक्त कलेक्टर श्री मकसूद अहमद ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनी। इस अवसर पर सभी विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में ग्राम कुंड बकाजन निवासी अलकेश यादव ने घर से मुख्य सड़क तक आने-जाने के लिए पक्का सड़क निर्माण कराए जाने के लिए आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर ने जिला पंचायत के संबंधित अधिकारी को आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। शाहपुर तहसील निवासी चांदनी द्वारा पट्टा प्रदाय किए जाने के आवेदन पर कलेक्टर ने शाहपुर एसडीएम को जांच कर आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। वहीं बैतूल निवासी सुनीता द्वारा बच्चों के आधार कार्ड नहीं बने के आवेदन पर कलेक्टर ने एसडीएम और संबंधित अधिकारी को आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए।

अवैध कब्जे को हटाने के निर्देश

जनसुनवाई में प्रभात पट्टन तहसील के ग्राम दतोरा निवासी गीता नागले ने अनावेदक द्वारा शासन के आदेशों का उल्लंघन कर पुनः भूमि पर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत की। जिस पर कलेक्टर ने प्रभात पट्टन तहसीलदार को जांच कर शीघ्र आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम चुनालोमा निवासी कुंदनलाल राठौर द्वारा पैत्रक कृषि भूमि पर कृषि कार्य नहीं करने के आवेदन पर कलेक्टर ने भैंसदेही के संबंधित एसडीओ को आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में ग्राम अंधारिया निवासी अखिलेश ने ससाबड़ से अंधारिया मार्ग  की जांच करने तथा डायवर्सन के संबंध में आवेदन दिया जिस पर कलेक्टर ने ईई पीडब्ल्यूडी को जांच कर प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। आमला बोड़खी निवासी राजन कुमार गोह ने कृषि भूमि पर अनावेदक द्वारा रोड, नाली निर्माण किए जाने की शिकायत की। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर ने संबंधित आमला एसडीओ को आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम बोरगांव बोरदेही निवासी तुलसीराम के आवेदन पर कलेक्टर ने आमला तहसीलदार को स्थगन आदेश का पालन कराए जाने के निर्देश दिए। बैतूल तहसील के ग्राम बरसाली निवासी किशन यादव ने रजिस्ट्री पर रोक लगाने और नकल दिलवाने के लिए आवेदन दिया। जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए।

More From Author

+ There are no comments

Add yours