- कुकरू के प्राकृतिक सौंदर्य से हुए अभिभूत
बैतूल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने बैतूल प्रवास के दौरान रविवार को जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन कुकरू स्थित बुच पॉइंट का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने बुच पॉइंट से चारों ओर फैली हरियाली, पर्वतीय श्रृंखलाओं और प्रकृति के अद्भुत नजारों का आनंद लिया। उन्होंने कहा कि कुकरु की वादियां प्रदेश की प्राकृतिक धरोहर हैं और यहां का वातावरण मानसिक शांति तथा सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।
उल्लेखनीय है कि यह स्थल सूर्योदय दर्शन बिंदू व बुच पॉईन्ट के रूप में प्रसिद्ध है। इस स्थल का नाम बुच पॉइन्ट बैतूल जिले में 4 जनवरी 1962 से 4 जनवरी 1965 तक कलेक्टर रहे श्री महेश नीलकंठ बुच की स्मृति में पड़ा, इनकी धर्मपत्नी निर्मला बुच (म.प्र) राज्य की प्रथम महिला मुख्य सचिव रही। इस स्थल से सूर्योदय के समय पवन चक्किया एवं प्राकृतिक वादियों के बीच सूरज उगता हुआ दिखाई देता है, जो की एक अत्यन्त मनोरथ दृश्य बनता है। तलहटी में कोरकू जनजातीय बाहुल्य लोकलदरी नामक ग्राम है।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री जनजातीय कार्य एवं सांसद श्री दुर्गादास उइके, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल, भैंसदेही विधायक श्री महेंद्र सिंह चौहान, मप्र जन अभियान परिषद उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर सहित कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक श्री वीरेंद्र जैन उपस्थित थे।
+ There are no comments
Add yours