बैतूल। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित राजस्व अधिकारियों की बैठक में लंबित राजस्व प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा कर निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने अविवादित नामांतरण के लंबित प्रकरणों की न्यायालयवार समीक्षा करते हुए भीमपुर तहसीलदार को विशेष ध्यान देकर प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों को अविवादित नामांतरण के मामलों में प्रगति लाने के लिए कहा। विवादित नामांतरण प्रकरणों में संतोषजनक प्रगति नहीं पाए जाने पर नायब तहसीलदार चोपना को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। बैठक में अविवादित बंटवारा प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ सोनवणे ने सभी राजस्व अधिकारियों को सुनवाई कर समान रूप से प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अविवादित बटवारा के प्रकरणों में आमला एवं मुलताई के तहसीलदारों को प्रगति बढ़ाने तथा कम प्रगति पर भीमपुर के नायब तहसीलदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने सीमांकन, रास्ता चिन्हांकन एवं अभिलेख दुरुस्ती के प्रकरणों की भी समीक्षा की तथा दर्ज प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने साइबर तहसील की लंबित रिपोर्ट शीघ्र प्रेषित करने, धारणाधिकार प्रकरणों में सभी एसडीएम को अभिमत सहित प्रकरण भेजने तथा भूमि आवंटन के मामलों का प्राथमिकता से निराकरण कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही राजस्व वसूली में भी प्रगति लाने पर जोर दिया। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट, संयुक्त कलेक्टर श्री मकसूद अहमद सहित सभी राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे। जिले के सभी एसडीएम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
राजस्व प्रकरणों के निराकरण में लाएं गति, लापरवाही पर होगी सख्त कार्यवाही: कलेक्टर डॉ सोनवणे
Posted on by Vishal
Estimated read time
0 min read
+ There are no comments
Add yours