- ब्लैक स्पॉट्स पर सुधार, आवश्यक साइनेज, रंबल स्ट्रिप्स सहित अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित कराएं , ट्रांसपोर्ट नगर के लिए भूमि चयन करने के निर्देश
बैतूल। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे की अध्यक्षता में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति एवं वन विभाग की जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक में सड़क सुरक्षा, वन भूमि अतिक्रमण और जघन्य अपराधों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील ब्लैक स्पॉट्स का पुलिस और संबंधित सड़क विभाग द्वारा संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्लैक स्पॉट्स पर आवश्यक साइनेज, रंबल स्ट्रिप्स सहित अन्य सुरक्षा उपाय तत्काल किए जाने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने विगत वर्षों में हुई बड़ी सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा कर ऐसे स्थलों पर विशेष सुरक्षा कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बैतूल में ट्रांसपोर्ट नगर के लिए उपयुक्त भूमि का चयन करने के निर्देश भी एसडीएम को दिए। ताकि ट्रांसपोर्ट नगर विकसित होने से भारी वाहनों की शहर के भीतर आवाजाही कम होगी, जिससे यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और सुरक्षित बनेगी। ट्रकों एवं अन्य मालवाहक वाहनों के लिए पृथक पार्किंग और संचालन व्यवस्था होने से शहर में जाम एवं सड़क दुर्घटनाओं की संभावना में कमी आएगी।
वन विभाग की जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक में वन भूमि पर अतिक्रमण के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए मोहदा, सांवलीगढ़, गवासेन सहित अन्य क्षेत्रों में अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने वन व्यवस्थापन से संबंधित प्रकरणों में धारा-5 से धारा-19 तक की समस्त कार्रवाई निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। बैठक में वन विभाग की अनुमति से संबंधित विभिन्न प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर डॉ. सोनवणे द्वारा चिन्हित जघन्य अपराधों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों एवं पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। बैठक में वन मंडल अधिकारी श्री नवीन गर्ग, श्री अरिहंत कोचर, श्री लक्ष्मीकांत वासनिक, अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपूसे सहित सभी एसडीएम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
+ There are no comments
Add yours