राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत 6 दिवसीय साथिया प्रशिक्षण का समापन, प्रतिभागियों को वितरित किए प्रमाण-पत्र

Estimated read time 1 min read

सारनी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशन में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरकेएसके) 6 दिवसीय साथिया प्रशिक्षण जिला पन्ना 6 बैच, दमोह 3 बैच एवं टीकमगढ़ 1 बैच कुल 10 का सफल आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में राज्य स्तर से निर्धारित मॉड्यूल के अनुसार साथिया साथियों को किशोर स्वास्थ्य एवं विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, संचारी एवं गैर-संचारी रोग, चोट एवं लिंग आधारित हिंसा, मादक पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम, पर्यावरण संरक्षण तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं सकारात्मक उपयोग जैसे विषयों पर राज्य द्वारा प्रशिक्षित मास्टर द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में समूह चर्चा, गतिविधियों एवं सहभागितापूर्ण सत्रों के माध्यम से विषयों को सरल एवं प्रभावी ढंग से समझाया गया। उक्त बैच में 260 साथिया, 130 आशा कार्यकर्ता एवं 10 आशा सहयोगी ने सहभागिता की। प्रशिक्षण का उद्देश्य समुदाय स्तर पर किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी उपलब्ध कराने तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

प्रशिक्षण के अंतिम दिवस समापन सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर वक्ताओं ने साथिया साथियों से अपने-अपने क्षेत्रों में किशोर स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को समुदाय तक पहुंचाने का आह्वान किया। समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए किशोर स्वास्थ्य संवर्धन के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। प्रशिक्षण का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में प्रमाण-पत्र वितरण के साथ संपन्न हुआ।

More From Author

+ There are no comments

Add yours