एमपी- कांग्रेस राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज

Estimated read time 1 min read
  • कांग्रेस बोली-फैसले के खिलाफ कोर्ट जाएंगे, विधायकों को लेकर बेंगलुरू जा रहा विमान रनवे से लौटा

भोपाल। मध्य प्रदेश की तीसरी राज्यसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज कर दिया गया है। बीजेपी की आपत्ति पर मंगलवार को रिटर्निंग ऑफिसर ने ये फैसला लिया है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, अब तीनों सीटों पर भाजपा कैंडिडेट निर्विरोध हैं। भाजपा का आरोप था कि मीनाक्षी ने तेलंगाना की हैदराबाद कोर्ट में लंबित एक मामले की जानकारी नामांकन पत्र में छिपाई है। पर्यवेक्षक ने कारण बताओ नोटिस जारी कर आज शाम तक जवाब मांगा था।

इधर, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि मीनाक्षी के खिलाफ कोई आपराधिक प्रकरण नहीं है। उन्हें कोर्ट से केवल एक नोटिस मिला था। नामांकन रद्द होने के फैसले के खिलाफ हम अदालत जाएंगे। उधर, दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल भारत निर्वाचन आयोग के लिए पहुंचा है।

इस सबके बीच कांग्रेस अपने विधायकों को बेंगलुरु शिफ्ट कर रही थी। लेकिन मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज होने की जानकारी मिलते ही कांग्रेस विधायकों को लेकर जा रहा विमान रनवे से लौट आया।

पहले विमान को उड़ने की परमिशन नहीं मिली थी

इससे पहले कांग्रेस ने बाड़ाबंदी करते हुए पार्टी विधायकों को बेंगलुरू भेजने का फैसला लिया था। स्टार एयरलाइंस की चार्टर्ड फ्लाइट दोपहर करीब ढाई बजे भोपाल एयरपोर्ट पर पहुंची। लेकिन एयरपोर्ट अथॉरिटी ने कांग्रेस विधायकों के विमान को उड़ने की परमिशन देने से मना कर दिया था। उनका कहना था कि फ्लाइट को देश में उड़ने की अनुमति नहीं है।

इस पर पार्टी के सीनियर लीडर सज्जन सिंह वर्मा ने कहा था- सरकार के इशारे पर हमारे विमान को बेवजह रोका जा रहा है। एयरपोर्ट अथॉरिटी पर मोहन सरकार का दबाव है। उनका कहना है कि आपकी ये फ्लाइट विदेश जा सकती है लेकिन देश के अंदर उड़ान नहीं भर सकती। कितनी मूर्खतापूर्ण बात है कि जो फ्लाइट दिल्ली से भोपाल आ सकती है, वो बेंगलुरू नहीं जा सकती।

करीब दो घंटे की जद्दोजहद के बाद कांग्रेस की चार्टर्ड फ्लाइट को उड़ान के लिए परमिशन मिली। शाम करीब साढ़े 6 बजे विमान ने बेंगलुरू के लिए उड़ान भरी। इसमें 38 विधायकों के साथ 75 लोग थे लेकिन यह रनवे से ही लौट आया।

More From Author

+ There are no comments

Add yours