• आदिवासी सशक्तिकरण महासम्मेलन में होंगी शामिल, 4 हजार लोगों की तैयारी शुरू

बैतूल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 18 जून को बैतूल आगमन की तैयारियां तेज हो गई हैं। वे प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित “आध्यात्मिक जागृति द्वारा आदिवासी समाज का सशक्तिकरण” महासम्मेलन में शामिल होंगी। इस प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर शनिवार को बैतूल स्थित ब्रह्माकुमारी केंद्र में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए ओडिशा से आए राजयोगी डॉ. नथमल भाई ने बताया कि राष्ट्रपति को इस कार्यक्रम में आमंत्रित करने के लिए विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ उन्होंने विशेष प्रयास किए थे। उन्होंने 8 मई को राष्ट्रपति से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम का आमंत्रण दिया था। डॉ. नथमल ने यह भी बताया कि राष्ट्रपति का ब्रह्माकुमारी संस्थान से पुराना आध्यात्मिक जुड़ाव रहा है और वे समय-समय पर संस्थान के विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेती रही हैं।

आदिवासियों में आत्मविश्वास जगाना मुख्य लक्ष्य डॉ. नथमल ने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम पूरी तरह से आध्यात्मिक और सामाजिक उद्देश्यों के लिए आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य लक्ष्य आदिवासी समाज में आध्यात्मिक जागृति, नैतिक मूल्यों और आत्मविश्वास का विकास करना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस आयोजन को राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं देखा जाना चाहिए। कार्यक्रम के लिए लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में चार हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। अब तक लगभग 900 लोगों का पंजीयन हो चुका है, जबकि पंजीयन की अंतिम तिथि 10 जून निर्धारित की गई है। ब्रह्माकुमारीज के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं और उनका पंजीयन करा रहे हैं। आयोजकों ने लगभग 2500 आदिवासी समाज के लोगों और 1500 अन्य समुदायों के लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा है। राष्ट्रपति के साथ राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय राज्यमंत्री और ब्रह्माकुमारीज के पदाधिकारी मंच साझा करेंगे।

बैतूल से ओंकारेश्वर के लिए रवाना होंगी राष्ट्रपति संभावित समय-सारिणी के अनुसार, राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर सुबह लगभग 10:50 बजे बैतूल पहुंच सकता है। इसके बाद 11:20 बजे महासम्मेलन का शुभारंभ होगा और दोपहर 12:10 बजे तक कार्यक्रम संपन्न होने की संभावना है। हालांकि, अंतिम कार्यक्रम प्रोटोकॉल के अनुसार तय होगा। कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति ओंकारेश्वर के लिए रवाना होंगी। उधर, राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। गुरुवार को कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम तथा प्रस्तावित हेलीपैड स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। प्रेस वार्ता में राजयोगिनी डॉ. लीना बहन, बैतूल केंद्र की संचालिका बीके मंजू बहन सहित संस्थान के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *