भोपाल। भोपाल रेल मंडल ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 29 स्टेशनों पर जनरल टिकट बिक्री के लिए स्टेशन टिकट बुकिंग एजेंट नियुक्त करने का निर्णय लिया है। कई यात्रियों को ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन से टिकट निकालने में परेशानी होती है। खासकर बुजुर्ग, ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले और कम पढ़े-लिखे यात्री तकनीकी प्रक्रिया को समझ नहीं पाते, जिससे उन्हें टिकट लेने में कठिनाई होती है। इसी समस्या को देखते हुए रेलवे ने यह व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है।
चयनित एजेंट स्टेशन काउंटर पर कंप्यूटराइज्ड सिस्टम के माध्यम से यात्रियों को जनरल टिकट जारी करेंगे। इससे यात्रियों को बिना किसी परेशानी के आसानी से टिकट उपलब्ध हो सकेगा और भीड़भाड़ में समय की बचत भी होगी। रेलवे द्वारा यह कदम छोटे और मध्यम स्टेशनों पर टिकट व्यवस्था को मजबूत करेगा तथा यात्रियों को सुविधा देगा।
इन स्टेशनों पर लागू होगी व्यवस्था
यह योजना भोपाल मंडल के एनएसजी-4, एनएसजी-5 और एनएसजी-6 श्रेणी के कुल 29 स्टेशनों पर लागू की जाएगी। एनएसजी-4 श्रेणी में शिवपुरी स्टेशन शामिल है, जहां एजेंट की नियुक्ति एक वर्ष के लिए होगी। वहीं, एनएसजी-5 और एनएसजी-6 श्रेणी के 28 स्टेशनों पर यह व्यवस्था तीन वर्ष के अनुबंध पर लागू होगी। इन स्टेशनों में मंडीदीप, बुदनी, राजगढ़, ओबैदुल्ला गंज, दीवानगंज, ब्यावरा, गुलाबगंज, सेमरखेड़ी, सुरगांव बनजारी, सुखी सेवनिया सहित अन्य स्टेशन शामिल हैं।
एजेंट को स्टेशन पर मिलेगा काउंटर
चयनित एजेंट को स्टेशन पर निर्धारित काउंटर दिया जाएगा, जहां वह कंप्यूटर सिस्टम के जरिए जनरल टिकट जारी करेगा। यात्रियों को तत्काल टिकट उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी एजेंट की होगी। रेलवे की ओर से एजेंट को प्रति टिकट कमीशन दिया जाएगा। यह व्यवस्था पारदर्शिता के साथ आउटसोर्सिंग मॉडल पर आधारित होगी।
- यात्रियों को यह होगा फायदा
- टिकट लेने में आसानी : छोटे और कम भीड़ वाले स्टेशनों पर भी आसानी से टिकट मिल जाएगा।
- भीड़ कम होगी : रेलवे काउंटर पर लाइनें कम लगेंगी।
- तेज सेवा : कंप्यूटर से टिकट बनने से समय बचेगा।
- यात्रा में सहूलियत : जनरल टिकट खरीदना पहले से ज्यादा सरल और तेज हो जाएगा।
- वेस्ट सेंट्रल रेलवे भोपाल मंडल द्वारा 29 स्टेशनों पर स्टेशन टिकट बुकिंग एजेंट नियुक्त करने का निर्णय यात्रियों की सुविधा बढ़ाने की पहल है। इससे जनरल टिकट वितरण व्यवस्था मजबूत होगी, छोटे स्टेशनों पर टिकट उपलब्धता आसान बनेगी और यात्रियों का समय भी बचेगा।
- ग्रेसियस नाजरथ, पीआरओ, भोपाल।
+ There are no comments
Add yours