जनगणना 2027: तय अवधि से पहले बैतूल जिले में पूर्ण हुआ मकान सूचीकरण कार्य

Estimated read time 1 min read

बैतूल। जिले में भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत संचालित “मकान सूचीकरण एवं मकान गणना” का कार्य निर्धारित अवधि से पूर्व 19 मई 2026 को सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया। यह महत्वपूर्ण उपलब्धि कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के प्रभावी समन्वय कौशल, प्रेरक नेतृत्व एवं सतत मार्गदर्शन तथा अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती वंदना जाट की निरंतर मॉनिटरिंग के परिणामस्वरूप प्राप्त हुई। जिला योजना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी श्री नरेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि सभी चार्ज धिकारियों, पर्यवेक्षकों, प्रगणकों एवं तकनीकी दल के समन्वित प्रयासों, अथक परिश्रम से अत्यंत महत्वपूर्ण एवं व्यापक कार्य तकनीकी एवं मैदानी चुनौतियों के बावजूद सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न हुआ। सतत मैदानी निरीक्षण, त्वरित समस्या समाधान एवं कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिए जाने से जिले ने निर्धारित समय-सीमा से पूर्व यह उपलब्धि हासिल की।

प्रगणकों की मेहनत और सतत मॉनिटरिंग से मिली सफलता

जिले के 21 चार्जों में लगभग 2800 गणना ब्लॉकों के लिए नियुक्त 2433 प्रगणकों एवं 411 पर्यवेक्षकों द्वारा घर-घर पहुंचकर मकानों की नंबरिंग, नजरी नक्शा तैयार करने एवं एचएलओ ऐप के माध्यम से डेटा प्रविष्टि का कार्य किया गया। फील्ड में कार्यरत टीमों ने भीषण गर्मी के बावजूद पूरी जिम्मेदारी और उत्साह के साथ कार्य संपादित किया। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी, अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी, जिला योजना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, चार्ज अधिकारियों, जिला प्रभारी एवं मास्टर ट्रेनर्स द्वारा लगातार फील्ड भ्रमण कर कार्यों की गुणवत्ता की जांच की गई तथा मौके पर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। जिला जनगणना कार्यालय की तकनीकी टीम एवं मास्टर ट्रेनर, कंट्रोल रूम द्वारा एचएलओ ऐप से संबंधित समस्याओं का त्वरित निराकरण किया गया, जिससे कार्य प्रभावित नहीं हुआ। प्रत्येक गणना ब्लॉक में प्रविष्ट किए गए डेटा का सत्यापन एवं गुणवत्ता परीक्षण किया गया, ताकि कोई भी मकान अथवा परिवार सूचीकरण से वंचित न रहे। वहीं प्रगणकों, पर्यवेक्षकों, चार्ज अधिकारियों एवं तकनीकी दल के बेहतर समन्वय से कार्य समय-सीमा से पूर्व पूर्ण हो सका।जनगणना कार्य के दौरान जिले के नागरिकों द्वारा भी सकारात्मक सहयोग प्रदान किया गया। नागरिकों ने सही एवं प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराकर राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने जनगणना कार्य से जुड़े सभी प्रगणकों, पर्यवेक्षकों, चार्ज अधिकारियों एवं तकनीकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं की मजबूत आधारशिला है। समय-सीमा से पूर्व कार्य पूर्ण होना जिले के लिए गौरव का विषय है।

More From Author

+ There are no comments

Add yours