- रेत माफिया रेत की आड़ में खोद रहे कोयला
सारनी। अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के अभियान के तहत पुलिस ने अवैध कोयला उत्खनन एवं परिवहन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और करीब 3 टन कोयला जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान चालक पुलिस को देखकर टैक्टर ट्राली छोड़ मौके से फरार हो गया।पुलिस अधीक्षक ,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी शाहपुर राजेश कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में थाना शाहपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमरे के नेतृत्व में भौरा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक नीरज खरे को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तवा नदी क्षेत्र से ग्राम गुरगुंदा मार्ग के रास्ते बिना नंबर के नीले रंग के ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध कोयला भरकर शाहपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया। जांच के दौरान बिना रजिस्ट्रेशन नंबर का नीले रंग का सोनालिका कंपनी का डीआई-42 इंटरनेशनल मॉडल ट्रैक्टर एवं ट्रॉली बरामद की गई, जिसमें लगभग 3 टन अवैध कोयला भरा हुआ था। जब्त कोयले की अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और अवैध कोयला जब्त कर अज्ञात चालक के खिलाफ थाना शाहपुर में अपराध क्रमांक 243/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस एवं सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरगुंदा की तवा नदी में मशीन से अवैध कोयला उत्खनन
ग्राम गुरगुंदा में तवा नदी के भीतर अवैध कोयला उत्खनन का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार पप्पू और जंगल सिंह के खेत के नीचे तवा नदी में पोकलेन मशीन लगाकर अवैध कोयले की खुदाई की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कोयला तस्कर लंबे समय से यहां सक्रिय हैं और खुलेआम अवैध उत्खनन कर कोयले का परिवहन कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि बीते वर्ष भी इसी स्थान से कोयला तस्करों द्वारा कोयला की अवैध खुदाई की गई थी, और डंफरो में भरकर कोयला परिवहन किया गया था।लेकिन खनिज विभाग ने कार्रवाई नहीं की।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस से मामले की जांच कर अवैध उत्खनन पर तत्काल रोक लगाने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी अरविंद कुमरे का कहना है कि अवैध गतिविधियों पर पुलिस शक्त कार्रवाई करेगी ।
+ There are no comments
Add yours