बैतूल। बैतूल के तितली चौराहा पर देर रात सड़क हादसे में बारात से लौट रहे दो युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक मालीपुरा चिचोली में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच तितली चौराहे पर अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिरकर घायल हो गए। राहगीरों ने तत्काल दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय बैतूल पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान चिखलार निवासी 28 वर्षीय विजय शंकर की मौत हो गई। विजय शंकर मजदूरी करता था और अविवाहित था। दूसरे घायल युवक हिमांशु कुमरे, निवासी चिखलार, की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है। परिजनों को हादसे की सूचना देर रात करीब 2 बजे मिली। मृतक विजय शंकर का शव जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *