• मंत्रिमंडल विस्तार के बाद पहली कैबिनेट बैठक

भोपाल। मध्यप्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद पहली कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रियों को अपने-अपने क्षेत्रों में एक्टिव और अलर्ट रहने को कहा है। लोकसभा चुनाव की तैयारी के हिसाब से काम करने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा के साथ केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए भी सभी मंत्रियों को काम करना है। क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक मेल-मुलाकात होनी चाहिए।’
उन्होंने कहा कि जल्द ही लोकसभा क्षेत्र और जिलावार प्रभार की जिम्मेदारी मंत्रियों को सौंपी जाएगी। इस बैठक में कई मंत्रियों ने जिलों की स्थिति के हिसाब से मुख्यमंत्री को सुझाव भी दिए।
विभागों के बंटवारे पर भी हुई बातचीत
कैबिनेट बैठक में CM ने मंत्रियों के साथ सरकार की प्राथमिकताओं के बारे में चर्चा की। बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व ने 6 महीने के लिए कामकाज की गाइडलाइन तय की है, इस बारे में भी मंत्रियों को जानकारी दी गई। सूत्रों के मुताबिक, विभागों के बंटवारे पर भी बातचीत हुई। बैठक के बाद कई मंत्रियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ व्यक्तिगत मुलाकात की। यह डॉ. मोहन यादव कैबिनेट की दूसरी बैठक थी। 13 दिसंबर को मुख्यमंत्री ने दोनों डिप्टी CM जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल के साथ पहली कैबिनेट मीटिंग की थी।
सामान्य प्रशासन विभाग CM अपने पास रखेंगे
CM डॉ. मोहन यादव ने कैबिनेट का विस्तार सोमवार को किया है। अब कुल मंत्रियों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है। सोमवार को 28 विधायकों को मंत्री बनाया गया है। दो उप मुख्यमंत्रियों ने 13 दिसंबर को यादव के CM पद की शपथ लेने के साथ शपथ ग्रहण कर ली थी। अब जबकि पूरी कैबिनेट गठित हो गई है तो CM विभागों के बंटवारे का काम भी पूरा करने में जुटे हैं। यह तय है कि सामान्य प्रशासन विभाग CM अपने पास रखेंगे और बाकी विभागों को उप मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों के बीच बांटेंगे।
VIP आवागमन से लोगों को तकलीफ न हो: CM
कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में ही सभी संभागों के प्रभारी अधिकारियों (ACS और ADG) की बैठक ली। कहा- कार्यों में पारदर्शिता रहे। सरकार की योजनाओं का सुदृढ़ क्रियान्वयन हो। मॉनिटरिंग की जाए। कानून व्यवस्था की स्थिति मजबूत रहे। मप्र में रेल सुविधाएं बढ़ाने पर अध्ययन कर सुझाव दें। CM ने कहा, शहरों में यातायात प्रबंध सुगम बनाएं। वीआईपी के आवागमन से आमजन को कोई तकलीफ ना हो, यह भी सुनिश्चित किया जाए।
सीएम ने कहा, मिलों के श्रमिकों को राहत देने का कार्य उज्जैन-इंदौर में हुआ है। जेसी मिल, ग्वालियर के मिल श्रमिक को देनदारी की राशि प्रदान करने के लिए रोडमैप बनाए। अधिकारी प्रशासनिक कसावट पर ध्यान दें। रात्रि विश्राम कर ग्रामों की समस्याएं हल की जाएं।
BRTS और VIP रोड को लेकर बैठक
मंत्रालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के BRTS और वीआईपी रोड के चौड़ीकरण के संबंध में जनप्रतिनिधियों, सांसद, विधायक, महापौर सहित अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, वित्त नगरीय विकास एवं आवास, परिवहन लोक निर्माण विभाग, कमिश्नर, भोपाल कलेक्टर आयुक्त नगर पालिका निगम भोपाल के साथ बैठक की।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *