- मध्यप्रदेश के एग्जिट पोल पर अपने-अपने दावे
भोपाल (ब्यूरो)। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना 3 दिसंबर को होगी। इससे पहले एग्जिट पोल के नतीजे सामने आए हैं। इन पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, भाजपा स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बना रही है। वहीं, नरसिंहपुर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल बोले- हम 2003 को दोहराएंगे। दूसरी ओर, कांग्रेस की तरफ से भी चुनाव जीतने के दावे किए जा रहे हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस को 130 सीटें मिलने की बात कही है। हालांकि, अलग-अलग एजेंसियों के एग्जिट पोल में बहुत ज्यादा अंतर नहीं है। सभी सर्वे एजेंसियों ने एग्जिट पोल्स में पब्लिक का मूड बताने की कोशिश की है। इनके अनुसार, भाजपा को 105 से 130 जबकि कांग्रेस को 97 से 125 सीटें मिलती दिख रही हैं।
शिवराज का भरोसा- लाड़ली बहनों ने कांटे निकाल दिए
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, मध्यप्रदेश में कांटे की टक्कर नहीं है। भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत से जीतेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जनता का प्रेम, उनका नेतृत्व, अमित शाह की रणनीति, जेपी नड्डा का मार्गदर्शन, पार्टी कार्यकर्ताओं का परिश्रम और प्रदेश सरकार की जनता की जिंदगी बदलने वाली योजनाओं पर हमें भरोसा है।
उन्होंने कहा- लाड़ली बहनों ने सभी कांटे निकाल दिए। कोई कांटा बचा ही नहीं। मैंने ऐसा चुनाव नहीं देखा। पहले हम देखते थे कि पुरुषों की भीड़ होती है, लेकिन इस बार उनसे ज्यादा बहनें-बेटियां वोट देने आई थीं। बहनों का जो प्यार मिला, वह अभूतपूर्व है।
पटेल ने कहा- हम 2023 में 2003 की जीत दोहराएंगे?
केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने ओरछा में कहा, मैं कहता रहा हूं कि मध्यप्रदेश में 2003 की तरह नतीजे आएंगे। उस समय हम विपक्ष में थे। अभी सत्ता में हैं।
उन्होंने कहा- रामराजा सरकार के आशीर्वाद की हम कामना करते रहे हैं। जो कांग्रेस उनके अस्तित्व को नकारती रही, वह कितने ही रास्ते अपनाए लेकिन उसकी वास्तविकता जनता जानती है। मैं मानता हूं कि 3 दिसंबर का इंतजार करना चाहिए, लेकिन यह अनुकूलता गौरवान्वित करती है। भाजपा में अटकलबाजी से राजनीति नहीं होती। हम 2023 में 2003 को दोहराएंगे।
अब कांग्रेस की बात..
दिग्विजय सिंह बोले- शिवराज से ऊब चुके लोग
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा, एग्जिट पोल के नतीजे इतने डायवर्स हैं कि इन पर कुछ कह नहीं सकते। इतना कह सकता हूं कि मध्यप्रदेश में 130 से ज्यादा सीटें कांग्रेस पार्टी को मिलेंगी। स्पष्ट बहुमत मिलेगा। लोगों की भावना बदलाव की थी। इसी बदलाव का वोट मिलेगा। इस बार जनता चुनाव लड़ी है। कांग्रेस का छोटा कार्यकर्ता चुनाव लड़ा है। लोग शिवराज सिंह चौहान और उनके झूठे-वादों से ऊब चुके हैं।
आरिफ मसूद का दावा- हम 135 तक पहुंचेंगे
भोपाल मध्य विधानसभा सीट से कांग्रेस कैंडिडेट आरिफ मसूद ने कहा, ‘ज्यादातर एग्जिट पोल कांग्रेस को बहुमत दे रहे हैं। मेरा मानना है कि इनमें और इजाफा होगा। जनता बीजेपी से भ्रष्टाचार का हिसाब मांग रही थी, उसको देखकर मुझे लगता है कि ये आंकड़ा 135 सीटों तक पहुंचेगा।
मसूद ने लोकसभा चुनावों को लेकर कहा- ये अच्छा होगा, जब हम सेमीफाइनल जीतेंगे तो कॉन्फिडेंस के साथ फाइनल खेलने जाएंगे। मालिक ने चाहा तो जैसे हम 2023 का सेमीफाइनल जीत रहे हैं वैसे ही 2024 का फाइनल भी जीतेंगे।
2018 के एग्जिट पोल में बन रही थी कांग्रेस सरकार
किस दल ने कितनी सीटों पर उतारे उम्मीदवार
विधानसभा चुनाव 2023 में बीजेपी और कांग्रेस ने सभी 230 सीटों पर अपने-अपने उम्मीदवार उतारे हैं। बसपा ने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के साथ 52 सीटों पर गठबंधन कर सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ा है। समाजवादी पार्टी ने 70 सीटों पर, आम आदमी पार्टी ने 66 जबकि असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलमीन ने सिर्फ चार सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। इनके अलावा जनहित पार्टी, वास्तविक भारत पार्टी, जयस सहित कई अन्य दलों के उम्मीदवार भी मैदान में हैं।