ग्वालियर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मध्यप्रदेश दौरे पर आ रहे हैं। वे ग्वालियर में सिंधिया स्कूल के 125वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। पीएम करीब दो घंटे तक यहां रहेंगे। वे समारोह में अलग-अलग क्षेत्रों में स्कूल का नाम रोशन करने वाले छात्रों को पुरस्कार प्रदान करेंगे। स्टूडेंट्स से संवाद भी करेंगे। मोदी, सिंधिया स्कूल जाने वाले पहले पीएम हैं।
समारोह में मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, तकनीकी विज्ञान मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, सिंधिया एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष आरएस पवार भी शामिल होंगे। इस दौरान तीन हजार से ज्यादा जवान और अफसर तैनात रहेंगे। स्टूडेंट्स और उनके अभिभावकों को कार्यक्रम शुरू होने से करीब एक घंटे पहले 3 बजे तक क्यूआर कोड के जरिए एंट्री मिलेगी।
पीएम मोदी शनिवार को 4.30 बजे विशेष विमान से ग्वालियर एयरबेस पर पहुंचेंगे। यहां से हेलिकॉप्टर के जरिए 4.55 बजे ग्वालियर किला पर बनाए गए हैलीपैड पर आएंगे। वे यहां से 5 बजे सिंधिया स्कूल कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। 6.30 बजे सड़क मार्ग से एयरबेस के लिए रवाना होंगे। जहां से विशेष विमान से वापस दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
पूर्व छात्र को मिलेगा माधव अवॉर्ड
पीएम मोदी स्कूल परिसर में छात्रों के नवाचारों को प्रदर्शनी के जरिए देखेंगे। वे एक पूर्व छात्र को माधव अवॉर्ड प्रदान करेंगे। ये सम्मान हर साल एक ऐसे पूर्व छात्र को दिया जाता है, जो देश और विदेश में अपना नाम कमा चुके हैं। साथ ही समाज सेवा तथा लोक कल्याण से किसी न किसी तरह जुड़े हुए हैं। अंत में एक नृत्य नाटिका “अस्ताचल” का प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें 300 से अधिक विद्यार्थी भाग लेंगे।
सिंधिया स्कूल जाने करने वाले पहले पीएम
सिंधिया स्कूल के पीआरओ मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि किसी प्रधानमंत्री का सिंधिया स्कूल में यह पहला विजिट है। इससे पहले अटल बिहारी वाजपेयी, पं. जवाहरलाल नेहरू और लाल बहादुर शास्त्री भी आ चुके हैं, लेकिन वे प्रधानमंत्री रहते हुए नहीं आए थे। राष्ट्रपति रहते हुए एपीजे अब्दुल कलाम और वेंकटरमन यहां आ चुके हैं।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *