नई दिल्ली। वनडे वर्ल्ड कप 2023 का सबसे बड़ा उलटफेर रविवार को हुआ। अफगानिस्तान ने डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए उन्हें 69 रन से हरा दिया। वर्ल्ड कप में 14 लगातार मैच हारने के बाद अफगानिस्तान ने जीत दर्ज की और 2019 की चैंपियन टीम को ही मात दे दी। नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम ने इंग्लैंड ने टॉस जीतकर फील्डिंग चुनी, अफगानिस्तान ने पहले बैटिंग करते हुए 49.5 ओवर में 284 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 215 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। अफगानिस्तान के स्पिनर्स गेमचेंजर रहे। मुजीब उर रहमान, मोहम्मद नबी और राशिद खान ने मिलकर 8 विकेट लिए। मुजीब और राशिद को 3-3 विकेट मिले, जबकि मोहम्मद नबी ने 2 विकेट झटके।

5वीं बार उलटफेर का शिकार हुआ इंग्लैंड
इंग्लैंड की टीम वनडे वर्ल्ड कप इतिहास में 5वीं बार उलटफेर का शिकार हुई। इससे पहले 1992 में टीम को जिम्बाब्वे ने 9 रन से हराया। 2011 में टीम को आयरलैंड ने 3 और बांग्लादेश ने 2 विकेट से हराया था। वहीं 2015 में भी टीम को बांग्लादेश ने ही 15 रन से हराकर उलटफेर किया था। अब 2023 में अफगानिस्तान ने 69 रन से हराकर इंग्लैंड को 5वीं बार वर्ल्ड कप में उलटफेर का कड़वा स्वाद चखाया। इतना ही नहीं इंग्लैंड की टीम टी-20 वर्ल्ड कप में 2 बार नीदरलैंड से भी हार कर उलटफेर का शिकार हो चुकी है।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *