• शाजापुर में जन आक्रोश यात्रा को करेंगे संबोधित, पार्टी कार्यकर्ताओं से भी रू-ब-रू होंगे

शाजापुर। सांसद व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी चुनावी साल में पहली बार मध्यप्रदेश आ रहे हैं। वे कुछ ही देर में शाजापुर के कालापीपल विधानसभा क्षेत्र के पोलायकलां पहुंचेंगे। यहां विधायक जीतू पटवारी की जन आक्रोश यात्रा में शामिल होकर सभा को संबोधित करेंगे। यहां वे करीब दो घंटे रहेंगे। कांग्रेस का दावा है कि सभा में 70 हजार से अधिक लोग पहुंचेंगे। सभा के बाद राहुल गांधी पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं से भी रुबरू होंगे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह बंटी बना ने बताया कि सभा स्थल पर दो हेलीपैड और डोम लगाए गए हैं। डेढ़ लाख वर्ग फीट में टेंट लगाया गया है।
कालापीपल विधानसभा से चुनाव प्रचार का शंखनाद
कालापीपल विधायक कुणाल चौधरी का कहना कि आमसभा में आसपास की 10 विधानसभाओं से लोग राहुल गांधी को सुनने के लिए आएंगे। कांग्रेस के मप्र प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने बताया कि यह जनता का जन आक्रोश है। यह जन आक्रोश है पीड़ित किसानों का, यह जन आक्रोश है बिकती नौकरियों का। इसमें इस बार भाजपा सरकार बह जाएगी। इसके लिए राहुल गांधी यहां आ रहे हैं, जो मध्यप्रदेश में बदलाव लेकर आएंगे। वे भाजपा की दमनकारी नीतियों से जनता को राहत दिलाएंगे।
25 सितंबर से शुरू यात्रा 3 अक्टूबर को समाप्त होगी
पूर्व मंत्री जीतू पटवारी द्वारा 25 सितंबर को देपालपुर-राऊ-महू से जन आक्रोश यात्रा की शुरुआत की थी। उनकी यात्रा 26 सितंबर को सांवेर, उज्जैन उत्तर, उज्जैन दक्षिण, 27 सितंबर को घटिया, घोसला, तराना, 29 सितंबर को शाजापुर, आगर, सुसनेर, 30 सितंबर को इछावर, कालापीपल, 1 अक्टूबर को खिलचीपुर, सारंगपुर, नरसिंहगढ़, 2 अक्टूबर को बैरसिया, अहमदपुर, श्यामपुर, सीहोर, 3 अक्टूबर को आष्टा-शुजालपुर पहुंचेगी।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *