भोपाल। मध्यप्रदेश में 11 दिन बाद आज मानसून ब्रेक खत्म हो सकता है। बंगाल की खाड़ी से सिस्टम एक्टिव होने से सोमवार को प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश होने के आसार हैं। 5 सितंबर से अधिकांश जिलों में बारिश हो सकती है। जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग के जिलों (अनूपपुर, बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडोरी, जबलपुर, कटनी, मंडला, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पन्ना, रीवा, सागर, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़ और उमरिया) में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। IMD भोपाल के सीनियर वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि सोमवार को मानसून ब्रेक खत्म हो जाएगा। 6 से 7 सितंबर तक लो प्रेशर एरिया एक्टिव हो सकता है। इससे मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्से में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मौसम बदला रहेगा। यह सिस्टम 18 से 19 सितंबर तक एक्टिव रह सकता है।

CM ने अच्छी बारिश के लिए महाकाल से की प्रार्थना

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज श्री महाकलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने उज्जैन पहुंचे। उन्होंने महाकाल से अच्छी बारिश के लिए प्रार्थना की। वे महारुद्र अनुष्ठान में शामिल हुए। CM ने महाकाल का पंचामृत पूजन भी किया। महारुद्र अनुष्ठान शासकीय पुजारी पं. घनश्याम शर्मा के निर्देशन में हो रहा है। महाकाल मंदिर के पुजारी और 66 ब्राह्मण नंदी मंडपम में 1331 रुद्र पाठ करेंगे। ये 6 घंटे यानी दोपहर 3 बजे तक चलेगा।

24 घंटे में कैसा रहा मौसम

  • भोपाल में पूरे दिन तीखी धूप रही। उमस का असर भी रहा।
  • इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन में भी गर्मी का असर देखने को मिला।
  • दोपहर बाद नर्मदापुरम जिले के इटारसी में कुछ देर तक तेज बारिश हुई।
  • 24 घंटे में मलाजखंड में 0.12 इंच बारिश हुई। मंडला में भी पानी गिरा।

MP में ओवरऑल 18% बारिश कम

24 जून को मानसून ने प्रदेश में एंट्री की थी। शुरुआत में अच्छी बारिश हुई, लेकिन जुलाई और फिर अगस्त में मानसून ने बेरुखी दिखाई। इसके चलते प्रदेश में 1 जून से अब तक ओवरऑल बारिश का आंकड़ा 18% तक गिर चुका है। 27 जिले रेड जोन में हैं। यहां 20% से 46% तक बारिश कम हुई है।

प्रदेश में अब तक औसत 26.07 इंच बारिश हुई है, जबकि 31.81 इंच बारिश हो जानी चाहिए थी। प्रदेश की सामान्य बारिश का औसत 37.36 इंच है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में 15% और पश्चिमी हिस्से में 21% कम बारिश हुई है।

  • प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश नरसिंहपुर में हुई है। यहां अब तक हुई बारिश का आंकड़ा 41 इंच से अधिक है।
  • सिवनी में 37.53 इंच, मंडला-जबलपुर में 35, डिंडोरी में 34 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है।
  • इंदौर, अनूपपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा, पन्ना, सागर, शहडोल, उमरिया, रायसेन और नर्मदापुरम में 28 इंच या इससे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
  • दमोह, कटनी, निवाड़ी, बैतूल, भिंड, हरदा, रतलाम, सीहोर और विदिशा में आंकड़ा 24 इंच से अधिक है।

इन जिलों में कम बारिश

  • खरगोन, मंदसौर, बड़वानी, ग्वालियर में सबसे कम कम बारिश हुई है। यहां आंकड़ा 20 इंच से कम है।

(1 जून से 3 सितंबर तक की बारिश)

मध्यप्रदेश में कैसे रहेंगे अगले 24 घंटे

प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में धूप-छांव वाला मौसम रहेगा। भोपाल में बादल रहेंगे, जबकि जबलपुर में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। पूर्वी हिस्से में कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान भी है। ग्वालियर, इंदौर में गर्मी का असर रह सकता है।

MP के 5 बड़े शहरों में मौसम का हाल

  • भोपाल: धूप-छांव वाला मौसम रहेगा। कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।
  • इंदौर: मौसम साफ रहेगा। गर्मी का असर बना रहेगा।
  • ग्वालियर: गर्मी और उमस रहेगी।
  • जबलपुर: मौसम बदला रहेगा। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।
  • उज्जैन: धूप-छांव रहेगी। उमस बढ़ेगी। शहर में बूंदाबांदी होने के भी आसार हैं।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *