सरकार देश के अलग-अलग हिस्सों में फंसे एक लाख मजदूरों को घर पहुंचाएगी, शिवराज सिंह ने दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात की

Estimated read time 1 min read
  • मध्यप्रदेश में शुक्रवार को 8 मौतें हुईं,  इंदौर में एक, भोपाल में तीन और उज्जैन के बड़नगर में चार 
  • राज्य में कोरोना के मामले बढ़ सकते हैं, भोपाल के 1000 और इंदौर के 600 सैंपल विशेष विमान से पुडुचेरी भेजे गए

भोपाल. मध्यप्रदेश में लॉकडाउन फेज-2 का आज 11वां दिन है। संक्रमित मरीजों और मौतों के आंकड़े बढ़ते जा रहे हैं। राज्य में शुक्रवार को 8 मौतें हुईं। राजधानी में अब तक 110 स्वास्थ्यकर्मी और 41 पुलिसकर्मी कोरोना से संक्रमित हैं। स्वास्थ्य विभाग ने आशंका व्यक्त जताई है कि भोपाल के जहांगीराबाद इलाके में मरीजों की संख्या में और इजाफा हो सकता है। उधर, भोपाल के 1000 और इंदौर के 600 सैंपल विशेष विमान से पुडुचेरी भेजे गए। दिल्ली से भी भोपाल के 1700 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। इस तरह राज्य के अलग-अलग जगहों से लिए कुल 8843 सैंपल की जांच रिपोर्ट पेंडिंग है।

मध्य प्रदेश के अन्य राज्यों में 1.10 लाख मजदूर फंसे हैं। इनकी वापसी के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बड़ा अभियान शुरू करने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इसके लिए गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से चर्चा की है। मजूदरों को लाने के लिए उनके परिजन को यहां से जाने की अनुमति दी जाएगी। प्रदेश में दूसरे जिलों में फंसे मजदूर भी अपने जिले में वापस जा सकेंगे। इसके लिए वे अपने या सरकार के साधनों का उपयोग कर सकेंगे। लेकिन इंदौर और दूसरे संक्रमित क्षेत्रों से किसी मजदूर को आने-जाने की अनुमति नहीं होगी।

लॉकडाउन के दौरान खुलने वाली दुकानों का दायरा बढ़ा, फैसला शाम तक 

राहतभरी खबर यह है कि एक-दो दिन में लोगों को जरूरत की चीजों के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। शुक्रवार देर रात केंद्रीय गृह मंत्रालय ने लॉकडाउन के दौरान खुलने वाली दुकानों का दायरा बढ़ा दिया है। केंद्र से नई गाइडलाइन मिलने के बाद राज्य सरकार आज शाम तक नए आदेश जारी कर सकती है। हालांकि, इस दायरे में हॉटस्पॉट और कंटेनमेंट एरिया को किसी तरह की छूट नहीं दी जाएगी।

कोरोना अपडेट्स

  • भोपाल: राजधानी में कोरोना संक्रमण के 7 क्षेत्रों को हॉटस्पॉट बनाया गया है। जहांगीराबाद सबसे बड़ा और सबसे ज्यादा संवेदनशील हॉटस्पॉट है। इसके अलावा टीटी नगर, अशोका गार्डन, नेहरू नगर, ऐशबाग, कोलार की कुछ कॉलोनियां और शिवाजी नगर शामिल हैं। डब्ल्यूएचओ की गाइडलाइन के मुताबिक, ऐसी बहुमंजिला इमारत, कॉलोनी या आवासीय परिसर जहां 3 से अधिक कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हों, उसके 200 मीटर के दायरे को लोकल हॉटस्पॉट माना जाता है। शहर में ऐसे 23 से ज्यादा अलग-अलग हिस्से हैं, जहां कोरोना के 3 से ज्यादा मरीज हैं।
  • उज्जैन: कोरोना के तीसरे हॉटस्पॉट उज्जैन में हालत हर दिन बिगड़ती जा रही है। यहां शुक्रवार को 4 संक्रमितों की मौत हो गई, जबकि पांच नए पॉजिटिव भी मिले। सभी मृतक बड़नगर के रहने वाले थे। 
    सीएमएचओ डॉ. अनुसुइया गवली ने बताया कि चारों मृतक मेडिकल कॉलेज में भर्ती थे। यहां कोरोना से जान गंवाने वालों का आंकड़ा बढ़कर 15 हो गया। अभी 451 मरीजों की रिपोर्ट आना बाकी है। इनके अलावा देवास में एक, खरगोन में तीन नए मरीज मिले।
राजधानी भोपाल के सबसे संक्रमित क्षेत्र जहांगीराबाद की एक सड़क को इस तरह से सील किया गया है।

प्रदेश में कुल 1846 संक्रमित: इंदौर 1029, भोपाल 360, उज्जैन 102, खरगोन 61, धार 36, खंडवा 35, जबलपुर 31, रायसेन और होशंगाबाद 26-26, बड़वानी 24, देवास 22, मुरैना 16, विदिशा 13, रतलाम 12, आगर मालवा 11, मंदसौर 8, शाजापुर 6, सागर 5, छिंदवाड़ा, ग्वालियर और श्योपुर 4-4, अलीराजपुर 3, शिवपुरी और टीकमगढ़ 2-2, बैतूल में एक संक्रमित है। 3 अन्य राज्य के संक्रमित मिले।

  • अब तक 210 लोग स्वस्थ्य हुए: इंदौर में 82, भोपाल में 73, खरगोन-जबलपुर में 7-7, उज्जैन 5, खंडवा 12, मुरैना 14, ग्वालियर और शिवपुरी 2-2, विदिशा, शाजापुर, रायसेन, होशंगाबाद में एक-एक स्वस्थ होकर घर भेजे गए।
  • अब तक 92 की मौत: इंदौर 55, उज्जैन 11, भोपाल 9, देवास, खरगोन 6-6, आगर-मालवा, जबलपुर, धार, मंदसौर और छिंदवाड़ा में एक-एक की मौत हुई। (स्वास्थ्य विभाग के 24 अप्रैल को दोपहर 3 बजे जारी बुलेटिन के अनुसार)

More From Author

+ There are no comments

Add yours