भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून ब्रेक होने से दिन का तापमान बढ़ गया है। मंगलवार को ग्वालियर में पारा 35 डिग्री के पार पहुंच गया, जबकि प्रदेश के 25 शहरों में 30 डिग्री या इससे ज्यादा अधिकतम तापमान रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो दिन मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। 1-2 सितंबर को प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बारिश के सिस्टम की एक्टिविटी से बारिश हो सकती है।

IMD भोपाल के सीनियर वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि अगस्त में दूसरी बार मानसून ब्रेक होने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो गई है। अभी प्रदेश में सिस्टम एक्टिव नहीं है। इस कारण मौसम शुष्क है और दिन का तापमान बढ़ गया है। 1-2 सितंबर को जबलपुर-शहडोल संभाग में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है।

24 घंटे में कैसा रहा मौसम
सतना में हल्की बूंदाबांदी हुई। बावजूद यहां तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर में तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, भोपाल, धार, गुना, नर्मदापुरम, खंडवा, खरगोन, रायसेन, रतलाम, शिवपुरी, उज्जैन, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, खजुराहो, मंडला, नरसिंहपुर, नौगांव, रीवा, सागर, सिवनी, सीधी, टीकमगढ़, उमरिया और मलाजखंड में भी गर्मी का असर रहा। यहां तापमान 30 डिग्री से ज्यादा रहा।

MP में 13% बारिश कम
मध्यप्रदेश में बारिश का दौर थमने से ओवरऑल बारिश के आंकड़े में कमी आ रही है। प्रदेश में अब तक सामान्य से 13% कम बारिश हुई है। पूर्वी हिस्से में 10 कम और पश्चिमी हिस्से में यह आंकड़ा 16% कम है।

  • प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश नरसिंहपुर में हुई है। यहां अब तक हुई बारिश का आंकड़ा 41 इंच से अधिक है।
  • सिवनी में 37.53 इंच, मंडला-जबलपुर में 35, डिंडोरी में 34 से ज्यादा बारिश हो चुकी है।
  • इंदौर, अनूपपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा, पन्ना, सागर, शहडोल, उमरिया, रायसेन और नर्मदापुरम में 28 इंच या इससे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
  • दमोह, कटनी, निवाड़ी, बैतूल, भिंड, हरदा, रतलाम, सीहोर और विदिशा में आंकड़ा 24 इंच से अधिक है।

इन जिलों में कम बारिश

  • खरगोन, मंदसौर, बड़वानी, ग्वालियर में सबसे कम कम बारिश हुई है। यहां आंकड़ा 20 इंच से कम है।

(1 जून से 29 अगस्त तक की बारिश)

मध्यप्रदेश में कैसे रहेंगे अगले 24 घंटे
प्रदेश में कहीं भी तेज बारिश होने का अनुमान नहीं है। ग्वालियर में तेज धूप निकल सकती है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और उज्जैन में भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है।

5 बड़े शहरों में मौसम का हाल

  • भोपाल: धूप-छांव वाला मौसम रहेगा। कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।
  • इंदौर: मौसम साफ रहेगा। बारिश होने का अनुमान नहीं है।
  • ग्वालियर: तेज धूप निकलेगी। इससे गर्मी का असर बढ़ सकता है।
  • जबलपुर: मौसम साफ रहेगा। इससे उमस और गर्मी का असर रहेगा।
  • उज्जैन: कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। दिन में तेज धूप निकल सकती है।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *