50 लाख की सरकारी जमीन पर खड़ी गेहूं की फसल कटवाई, कब्जाधारी के बेटे रेप के आरोपी

Estimated read time 0 min read

बैतूल। रेप केस के आरोपियों के परिजनो पर बैतूल में पुलिस और प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की। प्रशासन ने यहां नेशनल हाइवे के पास सरकारी जमीन पर कब्जा कर लगाई गई गेंहू की फसल कटवा ली। फसल लगाने वाले आरोपी पर करीब एक दर्जन अपराध दर्ज हैं। जबकि, उसके दो बेटों पर रेप और अपहरण का मामला दर्ज किया गया है।

दरअसल, नेशनल हाइवे 47 पर मिलानपुर के पास एक ढाबे के संचालकों पर ढाबे में आई एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर हिरासत में लिया है। आरोपियों के पिता मुन्ना विश्वकर्मा ने भी सरकारी जमीन पर कब्जा कर गेंहू की फसल लगाई थी। जिसे गुरुवार प्रशासन ने खड़ी फसल कटवाकर करीब 50 लाख रुपए की शासकीय जमीन को मुक्त कराया।

तहसीलदार प्रभात मिश्रा और बैतूल बाजार टीआई एबी मर्सकोले ने मौके पर पहुंचकर यह कार्रवाई करवाई। अधिकारियों ने बताया कि चेतन विश्वकर्मा और राहुल विश्वकर्मा अपना ढाबा नाम से ढाबा संचालित करते थे। आठनेर की एक 15 साल की नाबालिग लड़की जिसके अपहरण का मामला आठनेर थाने में दर्ज किया था। लडक़ी ढाबे पर पहुंची थी और इसे कई दिनों तक दोनों आरोपियों ने बंधक बनाकर रखा और उसके साथ दुराचार किया। चंगुल से छूटी लड़की ने लौटकर अपनी आपबीती परिजनों को बताई थी। परिजनों के साथ पुलिस के पास पहुंची लड़की की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 363, 376 सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोनों को हिरासत में ले लिया। इसी मामले के तहत बैतूलबाजार थाना क्षेत्र में मिलानपुर के पास लगभग ढाई एकड़ शासकीय जमीन पर आरोपियों के पिता मुन्ना विश्वकर्मा ने अतिक्रमण किया था। जिस पर प्रशासन ने खड़ी फसल कटवाकर जमीन को मुक्त करा दिया।

More From Author

+ There are no comments

Add yours