बैतूल। यूक्रेन और रूस के बीच में जबरदस्त युद्ध चल रहा है । इस युद्ध के बीच बैतूल जिले का एक युवक भी फंसा हुआ है। युवक अपनी जान बचाने के लिए बंकर में छुपा हुआ है । बताया जा रहा है कि यूक्रेन के आसमान में लड़ाकू विमान गरज रहे हैं। दोनों देशों की ओर से भयंकर बमबारी हो रही है। हालात बहुत खराब है। जानकारी के मुताबिक पाढर निवासी दीपांशु विश्वकर्मा यूक्रेन के विन्नित्सया शहर में नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस कर रहा है। छात्र की 27 फरवरी को इंडिया लौटने की फ्लाइट थी, लेकिन उससे पहले युद्ध शुरु होने से छात्र वहीं फंस गया है। छात्र ने वहां के हालात सांझा किए। दीपांशु ने बताया 24 फरवरी की सुबह शहर के वायुसेना कैंप में धमाका होने के बाद बंकर में रात बिताई।
प्राथमिक शाला पीसाजोड़ी में पदस्थ शिक्षक उमेश विश्वकर्मा के सबसे छोटा पुत्र दीपांशु विश्वकर्मा यूक्रेन के विन्नित्स्या शहर से एमबीबीएस कर रहा है। उसका यह चौथा साल है। दीपांशु नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस कर रहा है। छात्र ने बताया 24 फरवरी को रात तीन बजे युद्ध का सायरन बजा। इसके बाद सुबह 7 बजे विन्नित्स्या में स्थित वायुसेना कैंप पर 24 फरवरी की सुबह धमाका होने के बाद सभी यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले सभी छात्रों को बंकर में ले जाया गया।
छात्र दीपांशु ने बताया यहां पर हालात बेहद खराब है। इसके कारण पांच छह दिन का सामान रख लिया है। एटीएम के सामने दो किमी की लंबी लाइन लगी है। वहां पर धमाके के बाद सारे रुट बंद हो गए है। यातायात का कोई भी साधन नहीं है।