मेंढ़ा जलाशय की ऊंचाई बढ़ाने एसीएस से मिले विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे

Estimated read time 0 min read
  • जलाशय की हाईट बढ़ाने से साढ़े चार हजार हेक्टेयर बढ़ेगा सिंचाई रकबा

बैतूल। भैंसदेही विधानसभा क्षेत्र में ताप्ती नदी पर स्वीकृत मेंढ़ा जलाशय की ऊंचाई बढ़ाने की मांग लगातार उठ रही है। मेंढ़ा जलाशय की हाईट बढ़ाने को लेकर आमला विधान सभा क्षेत्र के विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने भैंसदेही क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारियों के साथ सोमवार को जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव टीएन मिश्रा से मुलाकात की। विधायक डॉ. पंडाग्रे ने एसीएस जल संसाधन विभाग को मेंढ़ा जलाशय की ऊंचाई बढ़ाने से होने वाले फायदे की जानकारी देते हुए बताया कि जलाशय की ऊंचाई डेढ़ से दो मीटर बढ़ाने से लगभग साढ़े चार हजार हेक्टेयर सिंचाई का रकबा बढ़ेगा।
हाईट बढ़ाने से सिर्फ 20 हेक्टेयर भूमि जाएगी डूब में
आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को बताया कि मेंढ़ा जलाशय की ऊंचाई डेढ़ दो मीटर बढ़ाने पर सिर्फ 20 हेक्टेयर भूमि डूब क्षेत्र में जाएगी परंतु आदिवासी बाहुल्य झल्लार, विजयग्राम, आमला सहित अन्य क्षेत्रों के लगभग साढ़े चार हजार हेक्टेयर सिंचाई का रकबा बढ़ेगा। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने मेंढ़ा जलाशय की हाईट बढ़ाने को लेकर आमला विधायक द्वारा दिए गए सुझावों को गंभीरता से सुनकर उक्त प्रकरण को जल्द ही वित्त समिति को भेजने का आश्वासन दिया। जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव से मुलाकात के दौरान आमला विधायक डॉ. पंडाग्रे के साथ भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह किलेदार, भैंसदेही भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष सोलंकी, मंडल उपाध्यक्ष राजू कुंभारे, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष स्वदेश सरकार भी शामिल थे।
सोमवार मुख्यमंत्री से मिलेंगे डॉ. पंडाग्रे
मेंढ़ा जलाशय की ऊंचाई बढ़ाने के लिए सोमवार को जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव से मुलाकात करने के बाद आमला विधायक डॉ. पंडाग्रे उक्त मामले को लेकर आज मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात करेंगे।

More From Author

+ There are no comments

Add yours