पिकअप समेत हजारों का स्क्रैप किया जब्त, दो गिरफ्तार

Estimated read time 1 min read

बैतूल। सारणी थानांतर्गत पाथाखेड़ा चौकी पुलिस ने क्षेत्र के 2 कबाडिय़ों पर कार्यवाही कर एक पिकअप समेत 40 हजार रुपये का स्क्रैप जब्त किया है। दोनों कबाडिय़ों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया है। एक कबाडख़ाने पर बंद खदानों का कबाड़ बड़ी मात्रा पर मिला है।
पाथाखेड़ा पुलिस चौकी प्रभारी राहुल रघुवंशी ने बताया कि क्षेत्र के कबाडिय़ों पर प्रभावी व ठोस कार्यवाही के आदेश दिये गये थे। इसके परिपालन में चौकी पाथाखेड़ा को कल मुखबिर से सूचना लगी कि तिगड्डा स्थित अबरार अहमद के कबाडख़ाने से एक कबाड़ की पिकअप भरकर जा रही है। दबिश देने पर मौके पर एक पिकअप में करीब 7-8 क्विंटल स्क्रैप कीमत करीबन 25000 रुपये का भरा हुआ मिला। यह चोरी का होने का अंदेशा होने से आरोपी अबरार पिता खुर्शीद अहमद (52) निवासी बाजार चौक सारणी के विरुद्ध धारा 41 (14), 379 भादंवि का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार कर स्क्रैप भरी हुई बोलेरो पिकअप जब्त की गई।
इसके साथ ही एक अन्य कबाड़ी दीपक पिता स्वर्गीय श्यामलाल कश्यप (30) निवासी ड्रिलिंग कैंप पाथाखेड़ा के कबाडख़ाने में अवैध चोरी का स्क्रैप होने की सूचना लगने पर पुलिस द्वारा वहां भी दबिश दी गई। वहां बंद खदानों का स्क्रैप मिला। इसका वजन करीब 3 क्विंटल और कीमत करीब 15000 हजार रुपये है। आरोपी कबाड़ी दीपक कश्यप के विरुद्ध भी धारा 41 (14), 379 का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार कर स्क्रैप जब्त किया गया। दोनो आरोपियों को न्यायालय बैतूल पेश किया गया है। दोनों कबाडिय़ों से करीब 40000 हजार रुपये का स्क्रैप जप्त किया गया। कार्यवाही में चौकी प्रभारी राहुल रघुवंशी, प्रधान आरक्षक अरविंद, अखलेश, आरक्षक आशीष, सैनिक सुभाष रघुवंशी की विशेष भूमिका रही।

More From Author

+ There are no comments

Add yours