तीन दिन में 15 विषयों पर प्रशिक्षित हुए भाजपा कार्यकर्ता

Estimated read time 1 min read
  • बूथ मजबूत करने के संकल्प के साथ भाजपा का जिला प्रशिक्षण वर्ग संपन्न
  • समापन दिवस नारोलिया, दर्शनसिंह, सांखला और पारीख ने दिया मार्गदर्शन

बैतूल। पिछले तीन दिनों से बैतूल के वरद मैरिज गार्डन में चल रहा भारतीय जनता पार्टी का तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग बुधवार की दोपहर बूथ मजबूत करने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ। 6 दिसंबर से आरंभ हुए इस प्रशिक्षण वर्ग के 3 दिनों के दौरान पार्टी के 250 से अधिक पदाधिकारी कार्यकर्ताओं ने एक प्रशिक्षु के रूप में विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त किया। इन 3 दिनों के दौरान प्रदेश भाजपा द्वारा नियुक्त 15 विषय विशेषज्ञ प्रवर्तकों द्वारा प्रशिक्षुओं को संबंधित विषय पर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया गया। बुधवार के चौथे एवं समापन सत्र में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन सिंह चौधरी, जिले के प्रभारी सुजीत जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला, पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल, प्रशिक्षण वर्ग के संभागीय प्रभारी संतोष पारीख, विधायक डॉ योगेश पंडाग,्रे पूर्व सांसद सुभाष आहूजा एवं ज्योति धुर्वे, पूर्व विधायक शिवप्रसाद राठौर, श्रीमती गीता उईके चंद्रशेखर देशमुख, मंगलसिंग धुर्वे, अलकेश आर्य, देवी सिंह सांखला ,पूर्व जिला अध्यक्ष जितेंद्र कपूर, बसंत बाबा माकोड़े, रमेश मिश्रा, नरेश फाटे आदि नेता मंचासीन रहे। समापन सत्र की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता रमेश मिश्रा ने की जबकि प्रमुख वक्ता के रूप में प्रदेश भाजपा सरकार के जन कल्याणकारी योजना विषय पर बोलते हुए संभागीय प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी संतोष पारीख ने उपस्थित कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश एवं केंद्र की सरकार ने सैकड़ों योजनाओं के माध्यम से देश प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया है। इन योजनाओं की विस्तृत जानकारी कार्यकर्ताओं को होना बहुत जरूरी है। कार्यकर्ता इन योजनाओं की जानकारियों से लैस होकर गांव, मजरों-टोलों तक पहुंचेगा तब विरोधी किसी को भ्रमित नहीं कर पाएंगे। समापन सत्र के अंत में प्रशिक्षण वर्ग की व्यवस्था में लगे कार्यकर्ताओं का वरिष्ठ नेताओं द्वारा मंच पर सम्मान किया गया। वर्ग के समापन उपस्थित 250 से अधिक पदाधिकारी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक राष्ट्रगान किया।
हम भारत को सोने की चिड़िया और कांग्रेसी सोनिया की चिड़िया बनाना चाहते हैं – दर्शनसिंह

समापन दिवस के द्वितीय सत्र को भारत का बढ़ता सुरक्षा सामर्थ्य विषय पर संबोधित करते हुए भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि आजादी के बाद पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से लेकर हर कांग्रेसी प्रधानमंत्री के कार्यकाल में जीत घोटाला इंदिरा गांधी के कार्यकाल में सबमरीन घोटाला राजीव गांधी के कार्यकाल में बोफोर्स घोटाला और मनमोहन सिंह के कार्यकाल में अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला हुआ। इनमें से तीन कंपनियां इटली से संबंधित थी। इससे यह जाहिर है की जहां एक और भाजपा देश को सोने की चिड़िया बनाने में लगी है वहीं दूसरी ओर कांग्रेस देश को सोनिया की चिड़िया बनाना चाहती है। दर्शन सिंह ने अपने 45 मिनट के ओजस्वी संबोधन यह बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन में आज पूरे विश्व में भाजपा की रक्षा सामर्थ्य का डंका बज रहा है। पूर्व में विश्व से हथियार आयात करने वाला भारत आज रक्षा उत्पाद के निर्यात की ओर कदम बढ़ा रहा है। इस सत्र की अध्यक्षता पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती पार्वतीबाई बारस्कर ने की।
मोदी ने बढ़ाया भारत का सम्मान – माया नारोलिया

बुधवार को भाजपा प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम सत्र को भारत वैश्विक परिदृश्य विषय पर संबोधित करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती माया नारोलिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में संपूर्ण विश्व में भारत और भारतीयों का सम्मान बढ़ा है। मोदी सरकार की विदेश नीति के चलते और रक्षा मामलों में आत्मनिर्भरता के चलते आज भारत विश्व की महा शक्तियों में शुमार हो गया है। उन्होंने कहा कि मोदी की चिंतनशील विचारधारा का विश्व के सारे देश अनुसरण कर रहे हैं। कोविड-19 के समय प्रधानमंत्री मोदी द्वारा उठाए गए कदमों के लिए संपूर्ण विश्व में उनका लोहा माना गया है। भारत ने वैक्सीन मैत्री अभियान के तहत शुरुआती दौर में 55 लाख वैक्सीन विभिन्न गरीब देशों को उपहार में दिए थे। जिसके लिए भारत की वैश्विक स्तर पर प्रशंसा हुई है और आज हमारे समर्थन में विश्व के अधिकांश देश साथ खड़े हैं। प्रथम सत्र की अध्यक्षता पूर्व विधायक गीता उइके ने की।
हमने सदैव राष्ट्र को प्रथम और दल को द्वितीय और स्वयं को तृतीय स्थान पर रखा है – देवीसिंह सांखला

समापन तृतीय के तृतीय सत्र को भारत की मुख्य विचारधारा हमारी विचारधारा विषय पर संबोधित करते हुए हरदा जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता और संभागीय टोली के सदस्य देवी सिंह सांखला ने कहा कि भारत की मुख्य विचारधारा ही भाजपा की विचारधारा है। हमने सदैव राष्ट्र को प्रथम दल को द्वितीय और स्वयं को तृतीय स्थान पर रखा है। भारत की आजादी के बाद देश की अखंडता और एकता के लिए सबसे पहला बलिदान जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने दिया है। हम सदैव सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की विचारधारा को सर्वोच्च स्थान पर रखकर आगे बढ़े हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद के रूप में जो दर्शन दिया है वह समूचे विश्व में सर्वश्रेष्ठ दर्शन है। पूंजीवाद समाजवाद साम्यवाद जैसे दर्शन समूचे विश्व मैं लुप्त प्राय हैं। कांग्रेसी जमाने की मिश्रित अर्थव्यवस्था को भी लोगों ने नकार दिया है। आज देश प्रदेश की हमारी सरकारें एकात्म मानव दर्शन के आधार पर अंतिम छोर के व्यक्ति के विकास के लिए काम कर रही है। हमारी सारी योजनाएं एकात्म मानववाद के दर्शन से होकर निकलती है और इसी के जरिए हम राष्ट्र के कल्याण का काम कर रहे हैं। इस सत्र की अध्यक्षता पूर्व सांसद ज्योति धुर्वे द्वारा की गई।

More From Author

+ There are no comments

Add yours