• नागरिकों ने की पुष्पवर्षा, युवाओं ने बाइक रैली से की अगुवाई, शाहिद स्मारक पर मत्था टेका

घोड़ाडोंगरी। राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में भोपाल के शौर्य स्मारक से शुक्रवार निकली मोटरसाइकिल रैली के शनिवार की दोपहर घोड़ाडोंगरी पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों एवं विभिन्न जन संगठनों द्वारा ऐतिहासिक स्वागत किया गया। रैली के प्रभारी डीएसपी एजेके विवेक, गौतम सारणी एसडीओपी महेंद्र सिंह चौहान, टीआई आदित्य सेन, आरआई श्रीमती मनोरमा बघेल, चौकी प्रभारी रवि शाक्य के नेतृत्व में रानीपुर जोड़ पर नगर के आधा सैकड़ा युवाओं ने ढोल धमाकों के साथ और रैली में शामिल जवानों पर पुष्प वर्षा कर रैली की अगुवाई की। इसके बाद तिरंगा लहराते स्थानीय बाइक सवारों ने रैली की अगुवाई करते हुए रैली को नगर भ्रमण कराया। रैली के नगर भ्रमण के दौरान दो दर्जन से अधिक स्थानों पर हर नुक्कड़, हर चौराहे पर स्थानीय नागरिकों व्यापारियों एवं जन संगठनों द्वारा पुष्प वर्षा कर रैली का ऐतिहासिक स्वागत किया गया। रैली का नेतृत्व कर रहे विशेष सशस्त्र बल 7 वी वाहिनी के निरीक्षक सलीम सहित 45 जवानों का पूरा यात्री दल घोड़ाडोंगरी में हुए स्वागत से अभिभूत नजर आया।
नगर भ्रमण के उपरांत मोटरसाइकिल रैली में शामिल जवान शहीद स्मारक पहुंचे और वहां पूजन अर्चन कर, मत्था टेक कर शहीदों का पुण्य स्मरण किया।

शहीदों के परिजनों का किया अभिनंदन

राठौर लॉन में आयोजित मंचीय कार्यक्रम में मंचासीन देश की आजादी के लिए शहादत देने वाले शहीद स्व. बिरसा इवने, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व.मंशु ओझा, स्व.सरदार विष्णु सिंह उईके,स्व.भोंदे सिंह के परिजनों सहित मंचासीन पूर्व संसदीय सचिव रामजीलाल उइके, पूर्व विधायक श्रीमती गीता उईके एवं प्रसिद्ध वैद्य बाबूलाल भगत का रैली में शामिल जवानों द्वारा पुष्पहार पहनाकर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में आर्केस्ट्रा दल द्वारा प्रस्तुत यह देश है वीर जवानों का… गीत पर रैली में शामिल जवानों ने जमकर नृत्य किया। इस दौरान श्रमजीवी पत्रकार संघ के संभागीय महासचिव विशाल बत्रा ने बेहड़ीढाना के शहीद बिरसा इवने एवं अन्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान का वर्णन किया। रैली का नेतृत्व कर रहे निरीक्षक सलीम ने अपने उद्बोधन में यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में भोपाल के शौर्य स्मारक से निकली यह यात्रा 10 दिनों के दौरान 1700 किमी से अधिक की यात्रा कर 16 जिलों का भ्रमण करते हुए 30 अक्टूबर को पुनः भोपाल पहुंचेगी। उन्होंने भव्य स्वागत के लिए घोड़ाडोंगरी वासियों का आभार माना और कहा कि घोड़ाडोंगरी की धरती के आदिवासी वीरों का भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान है। मंचीय कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ सभी ने देश प्रेम के नारे लगाए। कार्यक्रम का संचालन युवा समाजसेवी दीपक उईके द्वारा एवं आभार प्रदर्शन कवि संतोष जैन द्वारा किया गया।

विभिन्न जनसंगठनों ने किया स्वागत

रैली की अगुवाई एवं स्वागत करने वालों में मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ, नवीन नवयुवक दुर्गा मंडल इमली मोहल्ला, शासकीय कन्या उत्तर माध्यमिक विद्यालय की छात्राएं, बोल बम समिति के सदस्यों के अलावा स्थानीय व्यापारी राजनीतिक दल एवं विभिन्न जन संगठनों के कार्यकर्ताओं में प्रमुख रूप से विशाल बत्रा, दीपक उइके, विकास अग्रवाल, जतिन अरोरा, काकू आहूजा, अशोक राठौर, सुरेंद्र सिंह राजपूत, आभाष मिश्रा, राकेश अरोरा, आशीष वागद्रे, विप्पी मालवीय, राजेन्द्र गुरुजी, गुड्डा खातरकर,विनोद पातरिया, सचिन अग्रवाल, विशाल घोड़की, जिन्दर छाबड़ा, दीपक धोटे, मदन मामा सहित अन्य संगठनों के कार्यकर्ता शामिल रहे।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *