संक्रमित हुए कर्मचारी उपचार उपरांत पुन: जुटे काम पर

Estimated read time 1 min read
  • स्वास्थ्य विभाग के आठ कर्मचारियों की कहानी

बैतूल। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में कार्यरत् कर्मचारी कोरोना काल में सतत् अपनी सेवाएं देे रहे हैं। कार्यालय में कार्य के दौरान आधा दर्जन से अधिक अधिकारी,  कर्मचारी कोरोना से संक्रमित हुये और घर पर क्वारंटाइन होकर पूर्ण इलाज लेने के उपरांत पुन: अपने कार्य में जुट गये। कोरोना के इस काल में यदि आईडीएसपी शाखा द्वारा कोरोना के मरीजों की जानकारी, पोर्टल अपडेशन एवं अन्य आंकड़े संधारित करने का कार्य किया जा रहा है, तो वहीं टीकाकरण शाखा द्वारा कोरोना से बचाव के लिये चलाये जाने वाले टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत टीकाकरण संबंधी समस्त कार्यों का सम्पादन एवं प्रतिदिन वृहद जनसंख्या को टीके लगाये जाने की योजना बनाकर अमली जामा पहनानेे का कार्य भी किया जा रहा है।

एमएन पीटर, डी.पी.एच.एन.ओ.
स्वास्थ्य विभाग में डी.पी.एच.एन.ओ. के पद पर कार्यरत् 64 वर्षीय श्रीमती एम.एन. पीटर को डायरिया होने पर कोविड की जांच कराई गई। 18 मार्च 2021 को इनकी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आयी। श्रीमती पीटर के परिवार में पति, पुत्र सहित पुत्री भी पॉजिटिव हो गई। होम आइसोलेशन में रहकर पूर्ण इलाज प्राप्त कर स्वस्थ होने के उपरांत 2 अप्रैल 2021 को श्रीमती पीटर पुन: अपने कार्य पर वापस आ गईं। पोस्ट कोरोना कॉम्प्लिकेशन के कारण  पीटर को पुन: डायरिया हुआ। 15 दिन चिकित्सा अवकाश पर रहकर स्वास्थ्य लाभ लेने के उपरांत 3 मई 2021 को वे पुन: कार्य पर उपस्थित हो गईं।

योगेन्द्र कुमार, आरबीएसके कोऑर्डिनेटर
एन.एच.एम. में पदस्थ आर.बी.एस.के. कोआर्डिनेटर योगेन्द्र कुमार शहरी क्षेत्र बैतूल के कोरोना नोडल होने के साथ-साथ आर.बी.एस.के. संबंधी अन्य कार्य सम्पादित कर रहे थे। इसी दौरान 31 मार्च 2021 को रेपिड एंटीजन टेस्ट से जांच किये जाने पर इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आयी। 15 दिन होम आइसोलेशन में रहकर 16 अप्रैल 2021 को ये पुन: अपने कार्य पर मुस्तैद हो गये।

संजय दुबे, सहायक ग्रेड-2
स्थापना शाखा में कार्यरत  संजय दुबे 18 अप्रैल 2021 को बुखार से ग्रसित हुये एवं इनके रैपिड एंटीजन टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी। कोरोना का पूर्ण उपचार घर पर लेकर एवं पूर्ण एहतियात बरतकर 4 मई 2021 को स्वस्थ होने के उपरांत  दुबे जी अपने कार्य पर वापस लौट आये।

सुनील चरड़े, डाटा एन्ट्री ऑपरेटर
28 अप्रैल 2021 को इन्होंने बुखार आने एवं स्वाद तथा गंध न आने की परेशानी होने पर अपना रैपिड एंटीजन टेस्ट से जांच कराई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर होम क्वारंटाइन हो गये एवं कोरोना का पूर्ण उपचार लिया। 17 मई 2021 को पूर्ण स्वस्थ होने के उपरांत पुन: कार्यालय में कार्य में जुट गये। इनके द्वारा आई.डी.एस.पी. (एकीकृत रोग निगरानी परियोजना) शाखा में अपनी सेवाएं अन्य कार्यों के साथ-साथ समय-समय पर दी गईं।

तापीदास चढ़ोकार, डाटा मैनेजर
टीकाकरण शाखा में कार्यरत् डाटा मेनेजर  तापीदास चढ़ोकार 17 अप्रैल 2021 को रेपिड एंटीजन टेस्ट से पॉजिटिव आये। परिवार में 11 माह की बेटी एवं पत्नी की संक्रमण से सुरक्षा के दृष्टिगत होम क्वारंटाइन हो गये। बाद में परिवार में मां  देवकी चढ़ोकार भी पॉजिटिव हुईं। श्री चढ़ोकार 5 मई 2021 से पूर्ण उपचार लेकर स्वस्थ होने के उपरांत अपनी सेवाएं टीकाकरण शाखा में सतत् दे रहे हैं। कोविड टीकाकरण की कार्ययोजना से लेकर शाखा संबंधी रिपोर्टिंग एवं आंकड़े संधारण के कार्य में इन्होंने कतई कोताही नहीं बरती। संक्रमण के दौरान भी घर पर रहकर यथा संभव कार्य इनके द्वारा निष्पादित किया गया, ताकि टीकाकरण के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम पर कोई विपरीत असर न पड़े।

निलेश दवंडे, लेखा प्रबंधक
एन.एच.एम. अपने कार्य के दौरान सर्दी खांसी से पीडि़त हुये। रेपिड एंटीजन टेस्ट से जांच करने पर इनकी रिपोर्ट 27 अप्रैल 2021 को पॉजिटिव आयी। होम आइसोलेशन में रहकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर 11 मई 2021 से अपने कार्य पर पुन: वापस आ गये।

रवि निरापुरे, डाटा एन्ट्री ऑपरेटर
आई.डी.एस.पी. (एकीकृत रोग निगरानी परियोजना) में कार्यरत्  निरापुरे 17 अप्रैल 2021 को रेपिड एंटीजन टेस्ट से जांच कराने के उपरांत पॉजिटिव आये। परिवार में 3 साल की पुत्री एवं पत्नी को अलग आइसोलेट कर खुद क्वारंटाइन हुये किन्तु 5-6 दिन बाद पत्नी  रंजीता निरापुरे भी 23 अप्रैल 2021 को पॉजिटिव आयीं। पूर्ण उपचार लेकर स्वस्थ होने के उपरांत 10 मई 2021 को  निरापुरे जी अपने कार्य पर वापस लौटे।  निरापुरे आई.डी.एस.पी. शाखा में लगातार अपनी सेवाएं पूर्ण निष्ठा से समर्पित कर रहे हैं।

भरत साहू , सेमी स्किल्ड वर्कर
टीकाकरण शाखा में  साहू सेमी स्किल्ड वर्कर हैं। स्वास्थ्य खराब होने पर इनका आर.टी.पी.सी.आर. सेम्पल लिया गया, जिसकी रिपोर्ट 4 अक्टूबर 2020 को पॉजिटिव आयी। होम आइसोलेशन में रहकर स्वस्थ होने के उपरांत 19 अक्टूबर 2020 को ये पुन: अपने कार्य पर वापस लौटे।

More From Author

+ There are no comments

Add yours