• कोरोना कंट्रोल रूम से होगी माॅनीटरिंग, स्वच्छता शाखा को हर गली और मोहल्ले को सेनेटाइज करना होगा

सारनी। कोविड-19 संक्रमण के बीच नगर पालिका ने कमर कस ली है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी  सी के मेश्राम ने नपा में स्थित कोरोना कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं को और ज्यादा चुस्त बनाने के निर्देश दिए हैं। सीएमओ ने मरीजों की देखरेख में कोई कमी नहीं रखने को कहा है। इसके लिए कंट्रोल रूम से सतत फोन के जरिए निगरानी रखने, दवा और अन्य व्यवस्थाएं करने को कहा है। इसके अलावा पूरे नगर में अभियान चलाकर सेनेटाइजेशन करने को कहा है।
सारनी नगर में भी कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। इसे देखते हुए नगर पालिका ने यह व्यवस्था लागू की है। स्वच्छता अधिकारी के के भावसार ने बताया कि नगर पालिका कंट्रोल रूम से कोरोना मरीजों की निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कंट्रोल रूम में तैनात सभी कर्मचारी सतत कोरोना पाॅजीटिव मरीजों से बात कर रहे हैं और उनकी परेशानियां दूर कर रहे हैं। उन्होंने बताया दवाओं की कमी होने पर स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी प्रदान कर उन्हें दवा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा अन्य सामग्री व सुविधाएं भी पहुंचाने का काम किया जा रहा है। नगर पालिका के वालंटियर्स कोरोना पाॅजीटिव मरीजों के घरों तक जाकर उनके हाल चाल भी पूछ रहे हैं। भावसार ने बताया मुख्य नगर पालिका अधिकारी  सी के मेश्राम के निर्देश पर पूरे नगर में सेनेटाइजेशन का काम किया जा रहा है। इसे अभियान के रूप में चलाया जा रहा है। प्राथमिकता के आधार पर पहले कोरोना पाॅजीटिव मरीजों के मोहल्लों में सेनेटाइजेशन हो रहा है। इसके बाद नगर की अन्य काॅलोनियों, गलियों में नपा के वाहन और हस्तचलित पंपों के जरिए सेनेटाइजेशन किया जा रहा है।
कार्यालय में भी सख्ती, जरूरी काम तभी मिलेगा प्रवेश
नगर पालिका कार्यालय में भी लोगों के आने पर सख्ती लगाई गई है। लाॅक डाउन के दौरान केवल जरूरी काम वाले लोग ही कार्यालय में प्रवेश कर सकेंगे। उन्हें मास्क लगाना जरूरी होगा इसके अलावा टेम्परेचर की जांच करने के बाद सेनेटाजेशन कर प्रवेश मिलेगा। नपा में भी राज्य सरकार की गाइड लाइन के अनुसार केवल 10 फीसदी कर्मचारी ही काम पर आ रहे हैं।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *